शहर में कहीं तेज बारिश, कहीं बूंदाबादी
हिन्दुस्तान, वाराणसी
वाराणसी में बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा के कारण रविवार दोपहर तेज बारिश हुई। बारिश करीब 20 मिनट तक चली और कई क्षेत्रों में पानी जमा हो गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक बूंदाबादी की संभावना बनी रहेगी, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा के कारण रविवार दोपहर कई इलाकों में करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। इससे सड़कों के किनारे पानी लग गया था। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही रहेगी। इस दौरान बूंदाबादी हो सकती है। सुबह तेज धूप निकली थी। दोपहर करीब दो बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए। करीब ढाई बजे से सुंदरपुर, लंका, भिखारीपुर, मंडुवाडीह, अर्दली बाजार, मीरापुर बसही आदि इलाकों में करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। वहीं पांडेयपुर, चौकाघाट, हुकुलगंज, जगतगंज आदि क्षेत्रों में बूंदाबादी हुई। रविवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि आगे कोई सिस्टम एक्टिव नहीं है। ऐसे में अब बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबादी हो सकती है।


