होमगार्ड भर्ती की दौड़ सिंथेटिक ट्रैक पर कराने की तैयारी
- भर्ती बोर्ड ने खेल विभाग से मांगी ट्रैक की जानकारी लखनऊ, विशेष

होमगार्ड जवानों के 41 हजार से अधिक पदों पर इनरोलमेंट के अंतिम चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) बाकी है, जिसमें बारिश रोड़ा बन रही है। विभिन्न जिलों में भारी वर्षा को देखते हुए पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड अब दौड़ सिंथेटिक ट्रैक पर कराने की तैयारी कर रहा है। बोर्ड ने खेल विभाग से सिंथेटिक ट्रैक की उपलब्धता का ब्योरा मांगा है। लखनऊ में 35वीं वाहिनी पीएसी परिसर में सिंथेटिक ट्रैक उपलब्ध है। बोर्ड अन्य ट्रैक की जानकारी कर रहा है।भर्ती बोर्ड ने बारिश के कारण दौड़ की प्रस्तावित तिथियों में बदलाव कर दिया था। अब 14 सितंबर से दौड़ प्रस्तावित है, जिसमें लगभग 90 हजार अभ्यर्थियों को हिस्सा लेना है।
बोर्ड इनकी दौड़ सिंथेटिक ट्रैक पर अलग-अलग पालियों में कराने की योजना बना रहा है, जिससे इनरोलमेंट की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराया जा सके। भर्ती बोर्ड ने इसके चलते शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों के संसोधित प्रवेश पत्र जारी करने की तिथि में फिर बदलाव किया है। पहले बदलाव कर प्रवेश पत्र जारी करने की तिथि 10 सितंबर तय की गई थी। बोर्ड इसके साथ ही आने वाले दिनों में सिपाही भर्ती के अभ्यर्थियों की दौड़ भी कराने की योजना बनाई जा रही है, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


