बिहार में पुल पर बढ़ा पानी, गया नहीं गई गंगा दामोदर एक्सप्रेस
पूर्व मध्य रेलवे के परसा बाजार और पुनपुन स्टेशनों के बीच पुल संख्या 21 पर भारी बारिश के कारण जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। रेलवे ने कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है। यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और सामान्य आवागमन जलस्तर घटने के बाद ही संभव होगा।

पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत परसा बाजार और पुनपुन स्टेशनों के बीच स्थित पुल संख्या 21 पर भारी बारिश के कारण जलस्तर अचानक खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने इस रूट पर चलने वाली कई ट्रेनों के रूट में बदलाव कर दिया है। रेलवे की ओर से जारी आदेश के अनुसार 13329 धनबाद-पटना गंगा दामोदर एक्सप्रेस अपने नियमित रूट धनबाद, गया, पटना की बजाय पांच सितंबर को बदले रूट गोमो, कोडरमा, बंधुआ, पैमार, तिलैया, इस्लामपुर, फतुहा होते हुए पटना गई। वापसी में 13330 पटना-धनबाद गंगा दामोदर एक्सप्रेस भी पटना से जहानाबाद, गया की बजाय पटना, फतुहा, इस्लामपुर, तिलैया, पैमार, बंधुआ होते हुए धनबाद आएगी।
छह सितंबर को 18625 पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस गया-कोडरमा के बदले बख्तियापुर लिंक, राजगीर, तिलैया, बंधुआ होकर चलेगी। इसी तरह 18626 हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस भी छह सितंबर को बधुआ, पैमार, तिलैया, राजगीर, बख्तियापुर लिंक होकर चलेगी। जलस्तर घटने और पुल की पूरी जांच होने के बाद ही इस रूट पर ट्रेनों का आवागमन सामान्य किया जा सकेगा। अचानक रूट बदलने से कई स्टेशनों पर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

