पहाड़ों में बारिश से फिर उफनाई केन व यमुना
मध्य प्रदेश की घाटियों में भारी बारिश और बांधों से पानी छोड़ने से केन और यमुना नदी उफन गई हैं। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय किया है और नावों की व्यवस्था की गई है। हालांकि, फसलों पर अभी बाढ़ का प्रभाव नहीं पड़ा है, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पैलानी/बांदा। मध्य प्रदेश की घाटियों में भारी बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने से जिले में केन व यमुना फिर उफना गई। भूरागढ़ केन नदी में सुबह आठ बजे 98.70 व चिल्ला में यमुना नदी 92.08 मीटर पर पहुंच गई। हालांकि शाम चार बजे तक केन नदी करीब एक मीटर घट गई। बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया। नदियों में लोगों के सुरक्षित आवागमन के लिए नावें लगाई गई हैं। पुलिस को भी तैनात कर दिया गया है। तहसील के खप्टिहा कलां कस्बे में बह रही केन नदी का जल स्तर शनिवार को शाम सात बजे से बढ़ना शुरू हो गया। सारी रात्रि तेज गति के साथ बढ़ते हुए जलस्तर को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया, वहीं नाव चलाने वाले नाविकों ने तीन-तीन नावों को ग्रामीणों के आवागमन के लिए लगाया है। पैलानी कस्बे में नदी के बढ़ते हुए जलस्तर को लेकर तथा कस्बे में लगने वाली साप्ताहिक बाजार पर भीड़ को देखते हुए तीन नावों को यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लाइफ जैकेट के साथ नदी में उतारा है। नाविक शंकर निषाद व भूरा निषाद ने बताया कि शाम सात बजे से केन नदी का जलस्तर अचानक तेजी के साथ बढा़ा है। इस वजह से नवघाट पर बना सीसी रोड एक तिहाई डूब गया है। बढ़ते जल स्तर को लेकर मौके पर पुलिस पिकेट ड्यूटी लगी हुई है। यात्रियों को सपोर्ट लाइफ जैकेट पहनकर ही नाव पर बैठने के निर्देश दे रहे हैं。
फसलों पर अभी बाढ़ का प्रभाव नहीं
पैलानी। खप्टिहाकलां के ग्रामीण विद्या शंकर शुक्ला ने बताया कि केन नदी के उस पार हमारे खेत हैं, जिसकी वजह से प्रतिदिन सुबह से लेकर शाम तक नाव से आना जाना होता है। छनिहा डेरा निवासी बड़कू निषाद ने बताया है कि अभी हम लोगों के फसलें डूब क्षेत्र से बाहर हैं। मजरों पर भी नदी के पानी का कोई प्रभाव नहीं है, लेकिन जिस स्तर से केन नदी फिर से बढ़ना प्रारंभ कर दिया है उससे आगे परेशानी बढ़ सकती है। कस्बे में साप्ताहिक बाजार की भीड़ को लेकर दो-दो नावों के जरिए घाटों से यात्रियों तथा ग्रामीणों को नदी पार कराया जा रहा है।
नदियों के जल स्तर पर एक नजर
सुबह आठ बजे
केन -98.70 मीटर
यमुना -92.08 मीटर
शाम चार बजे
केन नदी-97.60 मीटर
यमुना नदी-92.23 मीटर


