सौंग नदी पुल के किनारे की मिट्टी दरकी
हिन्दुस्तान, रिषिकेष
भारी बारिश से सौंग नदी में पानी का स्तर बढ़ रहा है, जिससे हरिद्वार-दून राष्ट्रीय हाईवे पर नेपालीफार्म के पुल पर खतरा मंडरा रहा है। एनएचएआई ने सुरक्षा के लिए अस्थायी तटबंध बनाने का काम शुरू किया है। परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने पुल को सुरक्षित बताया है, जबकि स्थायी उपाय बाद में किए जाएंगे।

भारी बारिश में सौंग नदी में भी उफान आ रहा है। पानी के तेज बहाव में हरिद्वार-दून नेशनल हाईवे पर नेपालीफार्म में सौंग नदी पर बना पुल भी खतरे की जद में आ गया है। पुल के छोर के किनारों से मिट्टी दरकनी शुरू हो गई है। एनएचएआई के अधिकारी फौरी तौर पर सीमेंट के ब्लॉक से मिट्टी का कटाव रोकने का प्रयास कर रहे हैं। बुधवार को प्राधिकरण की टीम हाइड्रा मशीन व कर्मचारियों के साथ पुल की सुरक्षा के लिए पहुंची और सीमेंट के ब्लॉक से अस्थायी तटबंध बनाती दिखी। प्राधिकरण के राज्य परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने बताया कि पुल पूरी तरह से सुरक्षित है।
आसपास से नदी में बरसाती पानी आने से मिट्टी का कटाव हुआ है। इसे रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम कर दिए गए हैं। बरसात के बाद स्थायी कार्य भी किए जाएंगे।


