यूपी में मानसून फिर सक्रिय, बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 19 से 21 जुलाई के दौरान भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में बारिश की रफ्तार 18 जुलाई से बढ़ेगी, जिसके कारण तापमान में गिरावट की संभावना है।
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने प्रदेश के कई हिस्सों में 19 से 21 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी पर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी और अगले कुछ दिनों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। 18 जुलाई से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
बारिश की रफ्तार
मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई से ही प्रदेश में बारिश की रफ्तार बढ़ने लगेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी हो सकती है। इस दौरान दोनों हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।
19 से 21 जुलाई सबसे अहम
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 21 जुलाई के बीच मानसूनी गतिविधियां अपने चरम पर रह सकती हैं। इस अवधि में पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी स्थानों पर तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसी दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है, जिसके मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तीनों दिन मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
बारिश की कमी का हाल
17 जुलाई तक प्रदेश में 29 फीसदी कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 17 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। पूरे प्रदेश में सामान्य 238.9 मिमी. के मुकाबले अब तक 169.7 मिमी. बारिश हुई है। सबसे अधिक कमी पूर्वी उत्तर प्रदेश में दर्ज की गई, जहां सामान्य 265.2 मिमी. के मुकाबले केवल 154.0 मिमी. वर्षा हुई, यानी 42 प्रतिशत की कमी। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य 202.1 मिमी. के मुकाबले 192.2 मिमी. वर्षा दर्ज हुई, जो सामान्य से 5 प्रतिशत कम है।
प्रदेश के 75 जिलों में से 36 जिले सामान्य से कम वर्षा तथा 17 जिले सामान्य से अत्यधिक कम वर्षा की श्रेणी में हैं। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और हरदोई जैसे प्रमुख जिले सामान्य से कम वर्षा वाले जिलों में शामिल हैं। वहीं अमेठी, भदोही, गाजीपुर, कौशांबी, मऊ और सीतापुर सहित 17 जिलों में वर्षा की कमी सबसे अधिक दर्ज की गई। इसके विपरीत केवल चार जिले एटा, मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल में सामान्य से अत्यधिक अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि 14 जिलों में वर्षा सामान्य रही।
तापमान में गिरावट
तापमान में आएगी 4 से 6 डिग्री तक गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के सक्रिय होने से अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
तापमान बुलेटिन
झांसी सबसे गर्म, हरदोई सबसे ठंडा
18 जुलाई को जारी तापमान बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान झांसी में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक रहा। इसके बाद आगरा (37.5°C), उरई (37.4°C), मेरठ (37.0°C) और गाजीपुर (37.0°C) का स्थान रहा। राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है।
वहीं न्यूनतम तापमान हरदोई में सबसे कम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है। इसके अलावा फतेहपुर (24.2°C), झांसी (24.4°C), बाराबंकी (24.4°C) और सुल्तानपुर (24.9°C) में भी अपेक्षाकृत ठंडी रात रिकॉर्ड की गई। उल्लेखनीय है कि झांसी दिन में प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जबकि रात के समय सबसे ठंडे जिलों में भी शामिल रहा, जो वहां दिन और रात के तापमान में बड़े अंतर को दर्शाता है।
सतर्क रहने की अपील
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और ऊंचे बिजली के खंभों या टावरों के पास न रुकें। भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी सलाह का पालन करें। किसानों को भी खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने और फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है。


