गोपेश्वर में भूस्खलन होने से कल्पेश्वर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में नुकसान
गोपेश्वर में लगातार बारिश के कारण कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर भारी भूस्खलन हुआ। इससे मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचा। राहत की बात है कि कोई जनहानि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया है और प्रशासन घटना के नुकसान का आकलन करने के लिए टीम भेज रहा है।

गोपेश्वर। बारिश का कहर और इसके कारण खिसकते पहाड़ से आपदाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तराखंड के पंच केदारों में शामिल कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर सोमवार की देर रात भारी भूस्खलन होने से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में काफी नुकसान की सूचना सामने आई है। कल्पेश्वर मंदिर के सचिव लक्ष्मण नेगी ने बताया कि देर रात से लगातार हो रही बारिश के कारण मंदिर के ऊपर पहाड़ी से कई टन मलबा गिर गया। इससे मंदिर परिसर के आसपास बने छोटे-छोटे कमरे टिनसेड क्षतिग्रस्त हो गए और बड़ी मात्रा में मलबा मंदिर परिसर में आ गया।
घटना में मंदिर परिसर को काफी क्षति पहुंचने की जानकारी है। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। राहत की बात यह है कि भूस्खलन की इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी तहसील प्रशासन जोशीमठ को दे दी गई है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि तहसील प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जाएगा और स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


