दो दिन से उमस ने बढ़ाई बेहाली, गर्मी से लोग परेशान
पिछले दो दिनों से उमस भरी गर्मी ने लोगों की स्थिति को गंभीर कर दिया है। बारिश के बाद की राहत खत्म हो गई है और गर्मी के कारण लोग बाहर नहीं निकल पा रहे। अस्पतालों में बीमारियों की संख्या बढ़ रही है। बिजली कटौती और लो वोल्टेज ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है।
पिछले दो दिनों से जिले में उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के बाद मिली राहत अब खत्म हो गई है और तेज धूप के साथ बढ़ी नमी के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दिनभर चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल रहे, जबकि रात में भी उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिल सकी। कूलर और पंखे भी गर्म हवा फेंकते नजर आए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। गत चार दिनों तक हुई लगातार बारिश से मौसम सुहावना हो गया था और तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली थी। हालांकि, बारिश थमने के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से पिछले दो दिनों से उमस का असर लगातार बना हुआ है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकल आई और दोपहर होते-होते गर्मी के साथ उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। बाजारों और सड़कों पर निकलने वाले लोग पसीने से तरबतर नजर आए और लोग घरों से बाहर कम निकलते, जिससे बाजारों और सडकों पर सन्नाटा सा पसरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान सामान्य सीमा में रहने के बावजूद हवा में अधिक नमी होने से लोगों को वास्तविक तापमान कहीं अधिक महसूस हुआ। दिनभर शरीर पर चिपचिपाहट बनी रही और लोग बार-बार पसीना पोंछते दिखाई दिए। बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल और निजी चिकित्सकों के यहां नजला, जुकाम, खांसी, वायरल बुखार, उल्टी-दस्त और गले के संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों फिजिशियन डा. समद अली, डा. दीपक चौधरी और डा. सचिन मलिक का कहना है कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और उमस के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को साफ पानी पीने, ताजा भोजन करने और धूप में अधिक देर तक रहने से बचने की सलाह दी है。
बिजली कटौती और लो वोल्टेज से परेशानी
शामली। उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती और लो वोल्टेज ने भी नागरिकों को परेशान कर दिया है। रविवार को शहर के कई इलाकों काकानगर, झिंझाना रोड, गगन विहार, पंसारियान, कलंदरशाह, नई बस्ती क्षेत्र में बिजली कटौती से नागरिक परेशान दिखे। रात्रि और दिन के समय कई कई घंटों की बिजली कटौती के कारण गर्मी में लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पडा। बची कुची कसर लो वोल्टेज ने पूरी कर दी। लो वोल्टेज के कारण लोगों के एसी, कूलर, पंखे नही चल पा रहे है। विद्युत उपकरणों के फूंकने के डर से लोगों ने अपनी एसी तक बंद रखे।


