विश्व हृदय दिवस पर भाषा विश्वविद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान
लखनऊ, ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग ने विश्व हृदय दिवस पर स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया। कार्यक्रम का विषय 'यूज हर्ट फॉर एवरी हर्ट' था। डॉ. शुभम रस्तोगी ने हृदय रोगों के जोखिम कारकों और उपायों की जानकारी दी, जिसमें आहार, व्यायाम और नियमित स्वास्थ्य जांच का महत्व बताया गया।

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में विश्व हृदय दिवस पर गृह विज्ञान विभाग की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘यूज हर्ट फॉर एवरी हर्ट’ रही। कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम में फैकल्टी ऑफ फार्मेसी के सहायक प्रोफेसर डॉ. शुभम रस्तोगी ने हृदय रोगों के जोखिम कारकों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उच्च रक्तचाप, बढ़ा रक्त शर्करा स्तर, असंतुलित वसा प्रोफाइल और बढ़ता बीएमआई हृदय रोग के प्रमुख जोखिम कारक हैं। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव नियंत्रण पर जोर दिया।
स्ट्रोक के लक्षण पहचानने के लिए उन्होंने फास्ट का नियम भी समझाया और आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता लेने की सलाह दी।विभागाध्यक्ष प्रो. तत्हीर फात्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। आयोजन में डॉ. कीर्तिमा सचान, डॉ. कल्पना देवी और डॉ. अंजलि सिंह का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में शिक्षक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


