चार डॉक्टरों के भरोसे ऊंचाहार सीएचसी, भटक रहे मरीज
ऊंचाहार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी के कारण मरीज परेशान हैं। मरीज ओपीडी में डॉक्टरों की तलाश करते रहे। आयुष चिकित्सक ने अंततः मरीजों को देखना शुरू किया। अस्पताल में चार डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं, जबकि प्रतिदिन सैकड़ों मरीज आते हैं। क्षेत्रीय लोगों ने पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती की मांग की है।

ऊंचाहार,संवाददाता। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे के किनारे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी मरीजों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। शनिवार दोपहर ओपीडी में डॉक्टरों के न मिलने पर मरीज और तीमारदार एक कमरे से दूसरे कमरे तक चिकित्सक को तलाशते रहे। बाद में आयुष चिकित्सक ने मरीजों को देखना शुरू किया, तब जाकर लोगों को राहत मिली। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में इस समय चार चिकित्सकों के सहारे ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक की सेवाएं चल रही हैं। इनमें महिला चिकित्सक डॉ. वान्या मिश्रा और डॉ. निधि के साथ चिकित्सक डॉ. महमूद अख्तर और डॉ. लक्ष्मी नारायण शामिल हैं।
शनिवार करीब डेढ़ बजे मरीज डॉक्टरों की तलाश करते नजर आए। इसमें भैंसासुर सवैया निवासी अर्चना अपने पति नीरज और बच्चों के साथ बुखार, सर्दी-जुकाम का इलाज कराने पहुंची। वहीं पुरनमऊ निवासी वर्षा पैर में परेशानी के कारण इलाज कराने आई थी। अकोढिया रोड निवासी सुधा समेत कई अन्य मरीज भी चिकित्सक का इंतजार करते रहे, लेकिन अस्पताल में चिकित्सक नहीं मिले। अस्पताल के अंदर इलाज के लिए आए मरीजों के भटकनें की जानकारी होने पर आयुष चिकित्सक डॉ. शिव त्रिपाठी ने बिना ड्यूटी के ही मरीजों को देखना शुरू किया। बताया गया कि कुछ समय पहले एक चिकित्सक की तैनाती हुई थी, लेकिन मरीज से अभद्रता के आरोप के बाद उन्हें जिला अस्पताल से संबद्ध कर दिया गया। चिकित्सकों की कमी का असर यहां आने वाले मरीजों पर पड़ रहा है। जबकि प्रतिदिन ओपीडी में करीब दो से तीन सौ मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा सर्जन के पास करीब 28 से 30 मरीज आते हैं और 30 से 35 मरीजों के विभिन्न ऑपरेशन होने की बात बताई गई है। सीएचसी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे होने के कारण रायबरेली के अलावा प्रतापगढ़, कौशांबी और फतेहपुर तक के मरीज भी यहां पहुंचते हैं। क्षेत्रीय लोगों ने मरीजों की संख्या के अनुपात में पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती की मांग की है।डॉ मनोज शुक्ला, प्रभारी सीएमओ ने कहा कि अस्पताल में रिक्त चल रहे डॉक्टर के पदों पर जल्द ही तैनाती की जाएगी इसके लिए शासन को पत्र भेजा गया है डॉक्टरों की नियुक्ति होने के बाद अस्पतालों में रिक्त चल रहे पदों पर डॉक्टर व कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।

