एनपीएस व यूपीएस के विरोध में जेएलएनएमसीएच कर्मियों का प्रदर्शन
काला बिल्ला लगाकर कर्मियों ने मनाया ‘ब्लैक डे’ भागलपुर, वरीय संवाददाता। नई व एकीकृत पेंशन

भागलपुर, वरीय संवाददाता। नई व एकीकृत पेंशन योजना (एनपीएस/यूपीएस) के विरोध और पुरानी पेंशन व्यवस्था (ओपीएस) को बहाल करने की मांग को लेकर मंगलवार को मायागंज अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों ने ‘ब्लैक डे’ मनाया। नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (एनएमओपीएस) के आह्वान पर बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ गोप गुट के बैनर तले स्टाफ नर्सों, लिपिकों और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों ने बांह पर काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया और अपना काम पूरा किया। संघ के सचिव सह एनएमओपीएस के कोषाध्यक्ष अविनाश कुमार ने कहा कि 1 सितंबर 2005 को बिहार में ओपीएस समाप्त कर एनपीएस लागू किया गया था, जिससे सेवानिवृत्त कर्मियों का भविष्य असुरक्षित हो गया है।
उन्होंने सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि 60 साल तक सेवा करने वाले कर्मचारियों के लिए एनपीएस/यूपीएस और जनप्रतिनिधियों के लिए पुरानी पेंशन देना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। मौके पर संघ की अध्यक्ष सबिता कुमारी, राकेश अम्बष्ट, बंधु यादव, प्रेम कुमार, पप्पू शर्मा और राजमोहन यादव मौजूद रहे।


