16 हजार ब्लड प्रेशर और 15 हजार डायबिटीज के मरीज मिले
एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान में एक माह में 5.46 लाख लोगों की जांच 883 लोगों में

भागलपुर, वरीय संवाददाता। भागलपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग अभियान के तहत एक माह में निर्धारित लक्ष्य का करीब 85 प्रतिशत हासिल कर लिया गया है। जांच और उपचार-चिकित्सा आपके द्वार अभियान दो सितंबर से 30 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 30 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों की स्वास्थ्य जांच पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विभाग की एक माह की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, जिले के 430 स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से 6.45 लाख लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले अब तक 5.46 लाख लोगों की जांच पूरी की जा चुकी है। जांच के मामले में भागलपुर फिलहाल राज्य में 12वें स्थान पर है।
नई पहचान
स्क्रीनिंग के दौरान 16,528 ऐसे नए उच्च रक्तचाप के मरीजों की पहचान हुई, जिन्हें पहले अपनी बीमारी की जानकारी नहीं थी। इनमें से 14,292 मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है। अन्य मरीजों को जीवनशैली में सुधार करने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई है। इसी तरह जांच में 15,107 नए मधुमेह मरीज सामने आए हैं। वहीं, 883 लोगों में फैटी लिवर की पहचान हुई है। ओरल कैंसर की पहचान के लिए चलाए गए विशेष अभियान में करीब 3.87 लाख लोगों की जांच की गई। इनमें तीन लोग संदिग्ध पाए गए हैं, जिन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए भेजा जा रहा है।
अभियान का समय
अभी दो माह और चलेगा अभियान
अभियान के तहत अभी दो माह का समय शेष है। आशा कार्यकर्ता और एएनएम घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही हैं। गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. पंकज मनस्वी ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार योग्य मरीजों का इलाज वहीं किया जा रहा है। गंभीर और जटिल मामलों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर किया जा रहा है। सदर, अनुमंडलीय और रेफरल अस्पतालों में मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

