तिरंगा यात्रा में बीमार हुई छात्रा की दोबारा तबीयत बिगड़ी, गोरखपुर रेफर
देवरिया में तिरंगा यात्रा के दौरान 41 छात्राओं की तबियत बिगड़ गई। एक छात्रा, सौम्या तिवारी, की हालत फिर से खराब हुई और उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। बीपी, पल्स, और हर्ट रेट सामान्य था, लेकिन मानसिक तनाव के कारण उसकी स्थिति की जाँच की जा रही है।

देवरिया, निज संवाददाता। तिरंगा यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने से मेडिकल कॉलेज में भर्ती सभी छात्राओं को छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन एक छात्रा की दोबारा रविवार की देर रात तबीयत बिगड़ गई और उसे भर्ती करना पड़ा। सोमवार को उसे साइकेट्रिक ओपेनियन के बाद उच्चस्तरीय परामर्श के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। इस दौरान 41 छात्राओं की तबियत बिगड़ गई थी । उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जिसमें 34 छात्राओं को भर्ती कर इलाज किया गया, इसमें 30 छात्राओं को स्वस्थ होने पर उसी दिन रात में डिस्चार्ज कर दिया गया था।
दो छात्राओं को शुक्रवार को छुट्टी दी गई थी। इसके अलावा दो छात्राओं की स्थिति में शानिवार को सुधार होने पर डिस्चार्ज किया गया था। इसमें से सौम्या तिवारी पुत्री शैलेश तिवारी निवासी देवरिया रामनाथ की तबियत रविवार को फिर खराब हो गई। परिजन उसे लेकर देर शाम जिलाधिकारी आवास पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाने लगे। इसके बाद छात्रा को मेडिकल कॉलेज के पीआईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका उपचार शुरू किया। जांच में बीपी, पल्स, हर्ट रेट सब ठीक था। सीटी स्कैन में भी दिक्कत नहीं थी। चिकित्सकों के अनुसार कुछ देर के लिए उसे झटका आ रहा था और अपने से ठीक हो जा रहा था, जबकि झटका की बीमारी में दवा देने पर ही हालत सुधार होता है। उसे कंवर्जन डिसआर्डर (मानसिक तनाव) की संभावना व्यक्त की गई। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने सोमवार को फिर साइकेट्रिक ओपेनियन लिया। इसके बाद उच्चस्तरीय परामर्श की आवश्यकता महसूस की गई। उसे काउंसलिंग, ईईजी जांच के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।


