मुंगेर में परिवार नियोजन पखवाड़ा राम भरोसे, कागजों में शुरू पर उद्घाटन का अब भी इंतजार
मुंगेर में स्वास्थ्य विभाग परिवार नियोजन कार्यक्रम को लेकर लापरवाह बना हुआ है। 14 सितंबर से शुरू हुआ परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा अब तक औपचारिकता ही बनकर रह गया है। कार्यकर्ताओं की लापरवाही के कारण कार्यक्रम की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजू ने बताया कि उद्घाटन में देरी हुई है, लेकिन कार्यक्रम जारी है।

मुंगेर, निज संवाददाता। एक तरफ मुंगेर का स्वास्थ्य विभाग अभियान चलाकर लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की गाज गिरा रहा है, तो दूसरी तरफ परिवार नियोजन जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम को लेकर खुद ही बेपरवाह बना हुआ है। जिले में लगातार पिछड़ रहे परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति देने के लिए 14 सितंबर से शुरू हुआ परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा अबतक महज एक औपचारिकता बनकर रह गया है। पखवाड़े के तहत 7 से 13 सितंबर तक दंपति संपर्क सप्ताह चलाकर जागरूकता फैलाई गई थी। वहीं, 14 से 26 सितंबर के बीच योग्य महिलाओं के बंध्याकरण और पुरुषों की नसबंदी का लक्ष्य तय किया गया है।
नियमानुसार, जिला मुख्यालय से इसका भव्य और औपचारिक शुभारंभ होना था, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी पखवाड़े का उद्घाटन तक नहीं हो सका है। स्वास्थ्य विभाग की इस सुस्ती से कार्यक्रम के प्रति उसकी गंभीरता पर सवाल उठने लगे हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजू ने कहा कि, जिले में 14 सितंबर से पखवाड़ा शुरू हो चुका है और सभी प्रखंडों को लक्ष्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। अन्य अभियानों की व्यस्तता के कारण जिला स्तर पर औपचारिक उद्घाटन नहीं हो सका है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

