स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 31 लिपिकों का हुआ स्थानांतरण
स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 31 लिपिकों का स्थानांतरण किया है। आदेश सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा जारी किया गया और इसका उद्देश्य कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना है। सभी संबंधित कार्यालयों को 26 जून तक स्थानांतरित कर्मियों को कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की कवायद शुरू हो गई है। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य कार्यालयों में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित 31 लिपिकों का स्थानांतरण किया गया है। सिविल सर्जन कार्यालय ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है। यह कार्रवाई राज्य सरकार तथा स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय के निर्देश पर की गई है। स्थानांतरण का निर्णय 16 जून को आयोजित स्थापना समिति की बैठक में लिए गए प्रस्ताव के आधार पर लागू किया गया। इसके तहत सिविल सर्जन कार्यालय, सदर अस्पताल, जिला आरसीएच कार्यालय, जिला कुष्ठ निवारण कार्यालय सहित विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत लिपिकों को नई जगहों पर पदस्थापित किया गया है।जारी
आदेश में सभी संबंधित कार्यालय अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित कर्मियों को 26 जून तक अनिवार्य रूप से कार्यमुक्त कर दिया जाए। आदेश का पालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित कर्मचारी 27 जून के पूर्वाह्न से स्वतः कार्यमुक्त माने जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में प्रशासनिक कार्यों का संचालन अधिक सुचारू रूप से हो सकेगा।


