24 गांवों के 7200 लोगों के खून की होगी फाइलेरिया जांच
धनबाद, प्रमुख संवाददाता। फाइलेरिया संक्रमण की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग 22 अक्तूबर से 10 नवंबर तक रात में अभियान चलाएगा। आठ प्रखंडों के 24 गांवों के 7200 लोगों के रक्त के नमूने लिए जाएंगे। इस बार एक अतिरिक्त गांव को सर्वे में शामिल किया गया है।

धनबाद, प्रमुख संवाददाता। जिले में फाइलेरिया के संक्रमण की तलाश के लिए स्वास्थ्य विभाग रात में अभियान चलाएगा। 22 अक्तूबर से 10 नवंबर तक चलने वाले नाइट ब्लड सर्वे में जिले के आठ प्रखंडों के 24 गांवों के 7200 लोगों के खून के नमूने लिए जाएंगे। हर गांव से 300 लोगों का ब्लड सैंपल लेकर फाइलेरिया की जांच की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार पिछले अभियान की तुलना में प्रत्येक प्रखंड में एक अतिरिक्त गांव को सर्वे में शामिल किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक हुई। जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला मलेरिया समन्वयक रमेश कुमार सिंह ने एमटीएस, एमपीडब्ल्यू, बीएचआई समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को सर्वे की रणनीति और प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रत्येक प्रखंड के तीन गांवों में सर्वे होगा। इनमें एक गांव पहले से चिह्नित है, जबकि दो गांवों का चयन रैंडम तरीके से किया गया है। यह चयन उन गांवों का किया गया है जहां पहले फाइलेरिया के मामले सामने आ चुके हैं। रात में रक्त पट्ट संग्रह का उद्देश्य फाइलेरिया की परजीवी की मौजूदगी का पता लगाना है, ताकि जिले में फाइलेरिया संक्रमित का पता लगाया जा सके。
प्रखंड वार 900 लोगों की होगी जांच:
अभियान के दौरान प्रत्येक प्रखंड के 900 लोगों के रक्त के नमूने लिए जाएंगे। इस तरह आठ प्रखंडों से 7200 सैंपल जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला मलेरिया पदाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को अभियान शुरू होने से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप रक्त पट्ट संग्रह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

