कटे होंठ-तालू वाले बच्चों की होगी पहचान, स्वास्थ्य विभाग कराएगा मुफ्त इलाज
अरवल निज संवाददाता। अभियान को सफल बनाने को लेकर सिविल सर्जन डॉ. राज किशोर प्रसाद की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

अरवल निज संवाददाता। बच्चों को स्वस्थ एवं बेहतर जीवन देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से 2 अक्टूबर से 14 नवंबर तक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने को लेकर सिविल सर्जन डॉ. राज किशोर प्रसाद की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले में कटे होंठ, कटे तालू एवं जीभ से संबंधित जन्मजात विकृति वाले बच्चों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
विशेष अभियान की जानकारी
इसके लिए जिले के सभी प्रखंडों में सर्वे टीम तैनात की गई है। टीम घर-घर एवं विभिन्न क्षेत्रों में जाकर ऐसे बच्चों की पहचान करेगी तथा उनके इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।उन्होंने बताया कि चिन्हित बच्चों का इलाज स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी तरह नि:शुल्क कराया जाएगा। अभियान के दौरान अभिभावकों को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि वे अपने बच्चों को समय पर इलाज के लिए जिला स्वास्थ्य समिति तक लेकर आएं।
अभिभावकों के लिए जानकारी
अभिभावक राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक डॉ. सुनील कुमार से संपर्क कर इलाज से संबंधित पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सिविल सर्जन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान जिले में ऐसा कोई भी बच्चा नहीं छूटना चाहिए, जिसे उपचार की आवश्यकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं सर्वे टीम अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहकर कार्य करें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि उनके बच्चे में इस प्रकार की कोई जन्मजात समस्या है तो बिना किसी झिझक के स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर उसका मुफ्त इलाज कराएं। इस संबंध में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक डॉ. सुनील कुमार के मोबाइल नंबर 8084540804 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। बैठक में करपी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिकांत, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. सुनील कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। फोटो- 01 अक्टूबर अरवल- 22 कैप्शन- अरवल स्थित कार्यालय कक्ष में गुरुवार को चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ बैठक करते सीएस डॉ. राजकिशोर प्रसाद।


