डेंगू को लेकर निजी अस्पताल जांच में बरतें पूरी सावधानी
रुद्रपुर जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी अस्पतालों को सख्त निर्देश दिए हैं। डेंगू संदिग्ध मरीजों की जांच करना और रिपोर्ट समय से दर्ज कराना अनिवार्य होगा। रैपिड जांच के पॉजिटिव परिणाम पर एलिसा जांच कराना आवश्यक है। सभी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को तुरंत भेजी जानी चाहिए।

रुद्रपुर, संवाददाता। जिले में डेंगू की रोकथाम और प्रभावी निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी चिकित्सालयों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने डेंगू संभावित मरीजों की जांच और उनकी सूचना समय से दर्ज कराने को अनिवार्य किया है। सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी ने बताया कि किसी निजी अस्पताल या क्लीनिक में डेंगू संदिग्ध मरीज की रैपिड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो केवल रैपिड जांच के आधार पर उसे डेंगू संक्रमित नहीं माना जाएगा। ऐसे सभी मरीजों की अनिवार्य रूप से एलिसा (एंजाइम-लिंक्ड इम्यूनोसॉरबेंट) जांच कराकर संक्रमण की पुष्टि करनी होगी। एलिसा जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीज की पूरी जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग के संबंधित कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी।
साथ ही डेंगू से संक्रमित पाए गए मरीजों की बीमारी से संबंधित सभी आवश्यक विवरण एकीकृत स्वास्थ्य सूचना मंच (आईएचआईपी) पर बिना देरी दर्ज करना होगा। स्वास्थ्य विभाग ने निजी चिकित्सालयों को उत्तराखंड महामारी रोग, मलेरिया और डेंगू विनियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


