एचआईवी के विरूद्ध स्वास्थ्य विभाग की गांवों तक मुहिम
मोतिहारी, नगर संवाददाता। एचआईवी/एड्स के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की मुहिम अब शहर से निकलकर

मोतिहारी, नगर संवाददाता। एचआईवी/एड्स के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की मुहिम अब शहर से निकलकर गांव-गांव तक पहुंच गई है। समय पर पहचान और जागरूकता को लेकर विभाग ने जिले में सघन अभियान शुरू किया है। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के निर्देश पर पूर्वी चंपारण में स्वीकृत माइक्रो प्लान के तहत इंटीग्रेटेड हेल्थ कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इन कैंपों में ग्रामीणों को एक ही जगह पर जांच, परामर्श और दवा की सुविधा मुफ्त दी जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. शरतचंद्र शर्मा की अध्यक्षता में आरोग्य भवन में समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। सिविल सर्जन ने कहा कि एचआईवी को लेकर समाज में आज भी भ्रम और झिझक है, जिसे जागरूकता से ही दूर किया जा सकता है। सभी लक्षित लाभार्थियों को समय पर सेवाओं से जोड़ना प्राथमिकता है। जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि जिले में 12 अगस्त से शुरू हुआ इंटेंसिफाइड कैंपेन 12 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत लग रहे हेल्थ कैंप में एचआईवी के साथ सिफलिस, हेपेटाइटिस बी व सी, टीबी, एनीमिया, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की भी मुफ्त जांच की जा रही है। जिला प्रभारी पर्यवेक्षक संजय जायसवाल ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए रैली, पोस्टर-बैनर, रेड रिबन क्विज और नुक्कड़ नाटक का सहारा लिया जा रहा है। विशेषकर युवाओं और किशोरों पर फोकस है। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ उठने-बैठने या हाथ मिलाने से संक्रमण नहीं फैलता। यह असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित खून चढ़ाने, संक्रमित सुई के इस्तेमाल और संक्रमित मां से बच्चे में जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाह और भेदभाव से बचें। जागरूकता ही बचाव है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रोकथाम अधिनियम 2017, गर्भवती महिलाओं की जांच, ब्रेक फ्री ऐप के जरिए जोखिम आकलन और राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097 के बारे में बताना है।

