बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की दस्तक, 82 मरीजों का उपचार
कन्नौज में बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग ने बीमारियों के खतरे को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य टीमों ने चार गांवों में पहुंचकर 82 मरीजों का उपचार किया। अब तक 1017 मरीजों को उपचार मिल चुका है। कोई गंभीर बीमारी जैसे मलेरिया या डेंगू नहीं पाया गया।

कन्नौज। बाढ़ प्रभावित गांवों में बीमारियों के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राहत शिविरों और बाढ़ चौकियों पर निगरानी बढ़ा दी है। मंगलवार को चार प्रभावित गांवों में पहुंची स्वास्थ्य टीमों ने ग्रामीणों की जांच कर 82 मरीजों का उपचार किया। इसके साथ ही अब तक उपचार पाने वाले मरीजों की संख्या 1017 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को चार मरीज दस्त, चार बाढ़ संबंधी बीमारी, 25 बुखार, 24 चर्म रोग और 29 अन्य बीमारियों से पीड़ित मिले। राहत की बात यह रही कि मलेरिया, डेंगू, खसरा और सर्पदंश का कोई मरीज नहीं मिला। टीमों ने ग्रामीणों को ओआरएस और क्लोरीन की गोलियां बांटने के साथ पानी शुद्ध कर पीने की सलाह दी।
बारिश के बाद जमा पानी में मच्छरों के प्रजनन की आशंका को देखते हुए लार्वा नष्ट करने, साफ-सफाई रखने, पूरे आस्तीन के कपड़े पहनने और मच्छरदानी का प्रयोग करने के प्रति भी जागरूक किया गया।


