बुजुर्गों में बढ़ती उम्र के साथ बीमारियों की चुनौती
बढ़ती उम्र में बुजुर्गों की सेहत से जुड़ी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। सरकारी अस्पतालों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के मरीजों में शुगर, ब्लड प्रेशर, हड्डियों और आंखों से जुड़ी समस्याएं सबसे ज्यादा सामने आ रही हैं। मानसिक तनाव और अकेलापन भी बुजुर्गों के लिए बड़ी चिंता का विषय है।

गाजियाबाद, प्रदीप वर्मा। बढ़ती उम्र में बुजुर्गों की सेहत से जुड़ी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। सरकारी अस्पतालों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के मरीजों में शुगर, ब्लड प्रेशर, हड्डियों और आंखों से जुड़ी समस्याएं सबसे ज्यादा सामने आ रही हैं। एमएमजी अस्पताल और संयुक्त जिला अस्पताल में रोजाना 150 से ज्यादा बुजुर्ग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। ओपीडी में बड़ी संख्या ऐसे मरीजों की है, जो एक साथ कई बीमारियों से जूझ रहे हैं। वरिष्ठ फिजिशियन डा. संतराम वर्मा का कहना है कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। समय पर जांच, नियमित दवा और संतुलित खानपान बेहद जरूरी है।
बुजुर्गों की मानसिक सेहत
शारीरिक बीमारियों के साथ-साथ अकेलापन भी बुजुर्गों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। बच्चों के नौकरी या पढ़ाई के सिलसिले में बाहर रहने और एकल परिवारों के बढ़ते चलन के कारण कई बुजुर्ग घर में अकेले रह जाते हैं। इसके चलते वह मानसिक तनाव और उदासी का शिकार हो रहे हैं, जिसका असर उनकी सेहत पर भी पड़ रहा है।
भावनात्मक सहयोग का महत्व
बुजुर्गों को भावनात्मक सहयोग मिलना दवा जितना ही जरूरी है। उन्हें सामाजिक गतिविधियों, पार्क में टहलने और हमउम्र लोगों से मेलजोल के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। - डा. साकेतनाथ तिवारी, मानसिक रोग विशेषज्ञ

