स्वच्छता कर्मियों और पर्यवेक्षकों की हुई स्वास्थ्य जांच
हिन्दुस्तान, औरंगाबाद
मदनपुर प्रखंड में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सभी पंचायत भवनों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविर में स्वच्छता कर्मियों और पर्यवेक्षकों की स्वास्थ्य जांच की गई, और उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता और सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी गई। रौशन कुमार ने बताया कि पंचायतों में स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियाँ हो रही हैं।

मदनपुर, एक संवाददाता। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मदनपुर प्रखंड की सभी पंचायतों के पंचायत भवन परिसरों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर स्वच्छता कर्मियों और पर्यवेक्षकों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में कर्मियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई। नियमित रूप से साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन में जुटे कर्मियों को व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी गई। किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया गया। स्वच्छता पर्यवेक्षक रौशन कुमार ने बताया कि अभियान के तहत पंचायतों में स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

