अब प्रदेशभर में होंगे श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर
प्रदेश के सभी जिलों में 40 वर्ष से अधिक उम्र के श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। कानपुर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर की सफलता के बाद, शासन ने कार्यक्रम को प्रदेशभर में लागू करने का आदेश दिया है। शिविर में 2416 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और निशुल्क औषधि व विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किए गए।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। 40 वर्ष की आयु से अधिक उम्र के श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच के लिए प्रदेश के सभी जिलों में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। कानपुर में 17 सितंबर को आयोजित हुए श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर की सफलता को देखते हुए शासन ने कार्यक्रम का दायरा कानपुर से बढ़ाकर प्रदेशभर में करने का फरमान जारी कर दिया है। जिलों में जिम्मेदार अधिकारी सुविधानुसार श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करेंगे। नए लेबर कोड में 40 वर्ष की आयु से अधिक के हर श्रमिक का साल में एक बार मेडिकल चेकअप अनिवार्य है। उद्यमियों की जिम्मेदारी है कि अपने यहां कार्यरत हर कामगार की स्वास्थ्य की जांच कराएं। इस क्रम में श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल ने श्रमिक सम्मान व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन ट्रायल के तौर पर कराया था। इसमें महिला और पुरुष सभी कामगार शामिल हुए। शिविर की सफलता की समीक्षा रिपोर्ट देखने के बाद मुख्य सचिव ने सभी जिलों में श्रमिक सम्मान व स्वास्थ्य शिविर के आयोजन का आदेश जारी किया।
कानपुर में 2416 श्रमिकों ने शिविर का उठाया लाभ
कानपुर में तीन दिन चले श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर में 2416 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। इसके अलावा 126 श्रमिकों का डिजिटल रजिस्ट्रेशन और 32 निर्माण श्रमिकों का उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पोर्टल पर पंजीयन कराया गया। जबकि 12 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को 12 लाख तीन हजार 62 रुपये का वितरण किया गया था।
स्वास्थ्य शिविर में उपलब्ध सेवाएं:
निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श
ब्लड, ईसीजी और ब्लड प्रेशर आदि की जांच
आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श
निशुल्क औषधि वितरण
श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता एवं परामर्श
ईएसआईसी-ईएसआईएस व अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी
श्रमिकों के पंजीकरण, नवीनीकरण व योजनाओं से लाभान्वित कराना
कोट-
मुख्य सचिव ने कानपुर में आयोजित श्रमिक सम्मान व स्वास्थ्य शिविर की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे प्रदेशभर में लागू करने का आदेश दिया है। -सौम्या अग्रवाल, श्रमायुक्त उप्र


