संचारी रोगों के नियंत्रण को आज से चलेगा अभियान
महराजगंज में गुरुवार से संचारी रोगों को नियंत्रित करने के लिए एक माह तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। स्वास्थ्य कर्मी लोगों को साफ सफाई का ध्यान रखने के लिए सलाह देंगे और दस्तक अभियान के तहत विभिन्न रोगियों की सूची तैयार की जाएगी।

महराजगंज, वरिष्ठ संवाददाता। गुरुवार से संचारी रोगों को नियंत्रित करने से लिए एक माह तक फिर अभियान चलेगा। अभियान के दौरान निरोधात्मक कार्रवाई, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान अन्तर विभागीय समन्वय के साथ चलेगा。
अभियान के सकारात्मक परिणाम
वेक्टर बार्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम के नोडल अधिकारी-एसीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि बीते वर्षों में उक्त अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस बार भी पहली से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अकहा कि संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए साफ सफाई, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों का प्रयोग, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई कराया जाना जरूरी है। यह कार्य अंतर विभागीय समन्वय से कराया जा रहा है। यह भी कहा कि स्वास्थ्य कर्मी जब फील्ड में जाएं तो जन जागरूकता कार्यक्रम के तहत लोगों को साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने, घर के आसपास पानी का जमाव न होने देने, शौचालय एवं मच्छरदानी का प्रयोग करने पर विशेष ध्यान देने की सलाह दें।
दस्तक अभियान में रहेगा इन कार्यों पर फोकस
एसीएमओ ने यह भी कहा कि फ्रंट लाइन वर्कर्स (आशा व आंगनबाड़ी) दस्तक अभियान के तहत जिन बुखार के रोगियों, टीबी के लक्षण वाले व्यक्तियों, कुष्ठ के लक्षण वाले व्यक्तियों, फाइलेरिया एवं कालाजार लक्षण वाले व्यक्तियों, कुपोषित बच्चों, इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) तथा दस्त रोगियों की सूची तैयार करें। उनका ब्योरा ई-कवच पोर्टल पर भी अपलोड करते रहें। अभियान के दौरान आभा आईडी बनाने का भी काम करें।

