18 लाख के गबन का आरोपित प्रभारी हेडमास्टर गिरफ्तार
नवादा सदर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय, त्रिलोकी बिगहा के प्रभारी हेडमास्टर रंधीर कुमार को 18.72 लाख रुपये के सरकारी गबन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह रकम विद्यालय भवन निर्माण के लिए दी गई थी, लेकिन आरोप है कि इसे निजी मद में उपभोग किया गया। मामला 14 जनवरी 2025 को दर्ज किया गया था।

नवादा सदर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय, त्रिलोकी बिगहा के तत्कालीन प्रभारी हेडमास्टर रंधीर कुमार को मुफस्सिल पुलिस ने सोमवार की सुबह स्कूल के समीप से गिरफ्तार कर लिया। रंधीर कुमार पर 18.72 लाख रुपये की सरकारी राशि के गबन का आरोप था। वह सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भलुईया टांड़ के शालीग्राम प्रसाद का बेटा बताया जाता है। इस मामले में 14 जनवरी 2025 को मुफस्सिल थाना कांड संख्या-20/25 दर्ज है।
आरोप और गिरफ्तारी
नवादा के तत्कालीन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सह नवादा सदर के प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मो. मजहर हुसैन द्वारा इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। उक्त शिक्षक पर आरोप है कि उसने नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, त्रिलोकी बिगहा के भवन निर्माण के लिए सर्व शिक्षा अभियान मद एवं बिहार सरकार द्वारा निर्गत की गयी सरकारी राशि का गबन कर निजी मद में उपभोग कर लिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी नवादा द्वारा 28 दिसम्बर 2024 को जारी पत्र के आधार पर आरोपित शिक्षक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी।
गबन की राशि
शिक्षा समिति के खाते से गबन की राशि प्रभारी हेडमास्टर पर आरोप है कि विद्यालय भवन के निर्माण के लिए 14 मार्च 2021 को 6,68,700 व 17 मई 2023 को 12,78,500 समेत कुल 19,47,200 रुपये नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, त्रिलोकी बिगहा के विद्यालय शिक्षा समिति के खाते में भेजे गये थे। परंतु उक्त राशि की निकासी कर निजी मद में उपभोग कर लिया गया। पूर्व में शिक्षक के वेतन से 74,595 रुपये की कटौती की गयी। परंतु शेष राशि 18,72,605 रुपये कई रिमाइंडर के बावजूद पांच वर्षों बाद भी उन्होंने वापस नहीं किया। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)


