पुलिस को धन्यवाद, लेकिन फरार बदमाशों को भी अंजाम तक पहुंचाया जाए- सतबीर फौजी
शामली के हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई के बाद मृतक के पिता सतबीर सिंह फौजी ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की और गैंग को समाप्त करने की आवश्यकता जताई। वहीं, पत्नी सीमा ने भी निरंतर कार्यवाही की उम्मीद जताई।

शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपितों के मारे जाने के बाद मृतक के पिता सतबीर सिंह फौजी ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया है। हालांकि उन्होंने कहा कि वह अभी आधे संतुष्ट हैं और उनके दिल को पूरी शांति नहीं मिली है। उन्होंने फरार दोनों आरोपितों को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। सतबीर फौजी ने कहा कि पुलिस ने कार्रवाई कर अच्छा काम किया है, लेकिन अभी मामले में शामिल दो बदमाश फरार हैं। उन्होंने कहा कि हत्याकांड की जड़ तक पहुंचकर पूरे गैंग को समाप्त किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में शामली में किसी अन्य परिवार के बच्चे की इस तरह हत्या न हो। उन्होंने कहा कि शामली उनका घर है और वह चाहते हैं कि घटना में शामिल सभी आरोपितों को उनके किए की सजा मिले।
एनकाउंटर से मिली राहत, फरार दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी जरूरी- सीमा
शामली। अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपितों के मारे जाने के बाद कहा कि एनकाउंटर से उन्हें कुछ राहत मिली है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मामले को परिवार के सदस्य की तरह गंभीरता से लिया और पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। सीमा ने कहा कि अंकित की हत्या में चार बदमाश शामिल थे, जिन्होंने गोली मारकर उसकी जान ली। इनमें से दो बदमाश मुठभेड़ में मारे गए हैं, जबकि दो अभी फरार हैं। उन्होंने कहा कि फरार दोनों बदमाश भी समाज के लिए खतरा हैं और किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर अंजाम तक पहुंचाया जाये। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी अन्य परिवार के साथ ऐसी घटना न हो, इसके लिए संबंधित गैंग की जड़ तक पहुंचकर उसे समाप्त किया जाना चाहिए। सीमा ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए कहा कि मामले में कुछ अड़चनें आ सकती हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस प्रकरण पर लगातार नजर रखते हुए गैंग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।


