एचटेट अभ्यर्थियों ने विधायक आफताब अहमद को मांग पत्र सौंपा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी आंसर की में अभ्यर्थियों ने कई गलत प्रश्न पाए हैं। नूंह के अभ्यर्थियों ने विधायक चौधरी आफताब अहमद से मिलकर न्याय की मांग की है। उन्होंने सेट बी, सी, डी की उत्तर कुंजी के पुनरीक्षण और गलत सवालों पर ग्रेस मार्क देने की मांग की। विधायक ने उनकी बात शिक्षा बोर्ड तक उठाने का आश्वासन दिया।

नूंह, अभिषेक शर्मा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा की आंसर की जारी करने के बाद अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आंसर की में एक नहीं अनेक प्रश्न गलत दिए हैं। यहां तक कि कुछ अभ्यर्थियों के तो आधे से ज्यादा उत्तर गलत दिए गए हैं। इस मामले में नूंह जिले के अभ्यर्थियों का एक दल स्थानीय विधायक चौधरी आफताब अहमद से मिला और एक मांग पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
अभ्यर्थियों की मांगें
अभ्यर्थियों ने विधायक आफताब अहमद को सौंपे पत्र में आरोप लगाया कि हाल ही में 4 और 5 जुलाई को हुए पीजीटी और टीजीटी परीक्षाओं में सेट बी, सी , डी की उत्तर कुंजी सही नहीं है उन्होंने सभी सेटों के पुनरीक्षण की मांग की है। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल 2 में कुछ बिल्कुल गलत सवाल पूछे गए हैं, अभ्यर्थियों ने मांग की है कि गलत सवालों पर ग्रेस मार्क दिये जाए। ताकि छात्रों को नुकसान न हो सके। अभ्यर्थियों ने कहा कि उर्दू भाषा के भाग में प्रश्न संख्या 91 से शुरू होनी चाहिए थी लेकिन बोर्ड द्वारा जारी उत्तर कुंजी में 1, 2, 3 के क्रम में दर्शाया गया है जो भ्रामक और गलत है।
विधायक का आश्वासन
वहीं विधायक आफताब अहमद ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि वो उनकी बात को शिक्षा बोर्ड तक जरूर उठाएंगे और सुनिश्चित करेंगे कि छात्रों के साथ अन्याय न हो। विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा है जो प्रश्न अधूरे, अस्पष्ट, त्रुटिपूर्ण अथवा एक से अधिक उत्तर वाले हैं, उन सभी पर सभी अभ्यर्थियों को ग्रेस अंक दिए जाएं। विधायक आफताब अहमद ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से लेकर पूरी कांग्रेस पार्टी छात्रों के भविष्य के लिए लड़ाई लड रही है। वह छात्रों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे और उनकी आवाज को जोरदार तरीके से उठाएंगे।
सामान्य प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


