वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए उद्योगों को निर्देश दिए गए
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की बैठक में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए औद्योगिक इकाइयों को दिशा-निर्देश दिए गए। क्षेत्रीय अधिकारी सिद्धार्थ भार्गव ने मानकों का पालन सुनिश्चित करने, डीजी सेट संचालन नियमों और पोर्टल पर स्व-परीक्षण रिपोर्ट समय पर दर्ज करने की अपील की। अधिकारियों ने उद्योगों और विभाग के बीच समन्वय पर जोर दिया।

पलवल, अभिषेक शर्मा। वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं प्रबंधन को लेकर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सिद्धार्थ भार्गव की अध्यक्षता में औद्योगिक इकाई संघ और डस्ट पोर्टल पर पंजीकृत परियोजनाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित पर्यावरणीय मानकों और दिशा-निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय अधिकारी ने औद्योगिक इकाइयों को वायु प्रदूषण की रोकथाम के साथ डीजी सेट का निर्धारित नियमों के अनुसार संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने डस्ट पोर्टल पर स्व-परीक्षण रिपोर्ट समय पर दर्ज करने को कहा। बैठक में सीपीसीबी, सीएक्यूएम और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई।
इसके अलावा डस्ट पोर्टल पर पंजीकृत परियोजनाओं के प्रतिनिधियों को पोर्टल की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परियोजनाओं में पीटीजेड कैमरा और पीएम सेंसर की अनिवार्य स्थापना तथा उनके सुचारू संचालन पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने उद्योगों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।----


