पूर्व एमएलसी समेत तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
हिसुआ के प्रणय हत्याकांड में जातीय उन्माद फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में पूर्व एमएलसी अशोक चंद्रवंशी समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने जातीय तनाव की आशंका जताई है।

हिसुआ के प्रणय हत्याकांड में जातीय उन्माद फैलाने व सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में पूर्व एमएलसी अशोक चंद्रवंशी समेत तीन लोगों के विरुद्ध दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। साइबर पुलिस की सोशल मीडिया सेल द्वारा साइबर थाना नवादा में दर्ज प्राथमिकी में दोनों पर अलग-अलग वीडियो वायरल कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप लगाये गये हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों ही व्यक्तियों के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किये गये थे। वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर प्रणय हत्याकांड के दौरान सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग करने के क्रम में उक्त दोनों वीडियो अलग-अलग साइट पर विभिन्न समय में पोस्ट पाये गये।
पुलिस के मुताबिक इस प्रकार के वीडियो से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और दो समुदायों के बीच जातीय उन्माद फैलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर दोनों प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पहली प्राथमिकी में पूर्व एमएलसी अशोक चंद्रवंशी व अन्य आरोपित हैं। जबकि दूसरी प्राथमिकी में मोनू सिंह, कन्हैया कुमार व अन्य आरोपित किये गये हैं। दोनों प्राथमिकी में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप दर्ज हैं। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)


