स्मार्ट सिटी में तीन केंद्रों पर 700 से अधिक अभ्यर्थी नीट पीजी देंगे
हरियाणा सरकार के आयुक्त सीजी रजनी कांथन ने दूसरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नीट पीजी परीक्षा की तैयारी पर चर्चा की। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि 30 अगस्त को फरीदाबाद में तीन परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी आवश्यक सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर इंतजाम के निर्देश दिए गए हैं।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। हरियाणा सरकार के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के आयुक्त एवं सचिव सीजी रजनी कांथन ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नीट पीजी के सफलसंचालन को लेकर बैठक की। फरीदाबाद से बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आयुष सिन्हा ने की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त ने बताया कि 30 अगस्त को होने वाली नीट पीजी परीक्षा के लिए जिले में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एलायंस सर्विसेज, साहूपुरा रोड, आईओएन डिजिटल जोन, सेक्टर-20बी और वीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जवाहर कॉलोनी शामिल हैं। तीनों केंद्रों पर करीब 729 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, यातायात, बिजली और इंटरनेट कनेक्टिविटी की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 के तहत आवश्यक प्रतिबंधात्मक आदेश लागू करने तथा साइबर कैफे, फोटोकॉपी और प्रिंटिंग की दुकानों सहित अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी ढांचे की पूर्व जांच कराने के निर्देश दिए। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के माध्यम से सभी केंद्रों की इंटरनेट कनेक्टिविटी की जांच कराई जाएगी। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्वास्थ्य डेस्क स्थापित करने, प्राथमिक उपचार सामग्री और ओआरएस की पर्याप्त उपलब्धता रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों से चेकलिस्ट के आधार पर सभी तैयारियों की समीक्षा कर कमियों को समय रहते दूर करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


