बुलंदशहर: पुलिस और स्वाट टीम की हरियाणा के बदमाश से मुठभेड़, गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
बुलंदशहर: पुलिस और स्वाट टीम की हरियाणा के बदमाश से मुठभेड़, गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
वाहन चोरी के मामले में वांछित हरियाणा के एक बदमाश की मंगलवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस और स्वाट टीम से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, कार और चोरी किए गए दो ट्रकों के एसीएम बरामद हुए हैं। सिकंदराबाद सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस और स्वाट टीम निजामपुर जाने वाले रास्ते पर बंबे के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी।
पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक कार को तेजी से भगाने लगा। पीछा करने पर ग्राम शेरपुर से आगे श्मशान की ओर जाने वाले रास्ते पर कार फंस गई। पुलिस टीम ने कार को घेर लिया। बताया कि खुद को घिरा देख कार सवार ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल की पहचान रंजीत निवासी थाना पल्ला, फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई।पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, एर्टिगा कार और सिकंदराबाद क्षेत्र से चोरी किए गए दो ट्रकों के एसीएम बरामद किए। पुलिस के मुताबिक रंजीत के खिलाफ दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों पर चोरी, टप्पेबाजी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। औद्योगिक क्षेत्र से गत 24 जुलाई को दो ट्रकों से एसीएम चोरी के मामले में वह वांछित था। पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


