प्रदेश के नए शहरों को विकसित करने में स्वीडन करेगा सहयोग
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन में इंडिया-स्वीडन इनोवेशन डे कार्यक्रम में भारत-स्वीडन नवाचार, व्यापार और औद्योगिक सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने स्वीडिश कंपनियों को हरियाणा में निवेश और ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2027 में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। ग्लोबल सिटी और केएमपी एक्सप्रेसवे के साथ पांच नए शहरों के विकास में सहयोग की बात कही गई।

गुरुग्राम, अमर मौर्य। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को स्वीडन में आयोजित इंडिया-स्वीडन इनोवेशन डे कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्यमंत्री ने भारत और स्वीडन के बीच नवाचार, व्यापार तथा औद्योगिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। इससे हरियाणा प्रदेश के नए शहरों को विकसित करने में स्वीडन सहयोग करेगा। इसके पहले मुख्यमंत्री ने सिंगापुर दौरा करके निवेश को बढ़ावा दिया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडिश कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल वार्ता की। उन्होंने स्वीडिश उद्योगपतियों को हरियाणा में आकर निवेश करने का न्यौता दिया। मुख्यमंत्री ने स्वीडिश कंपनियों के हरियाणा में मौजूद निवेश को भरोसे का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में स्वीडिश कंपनी आइकिया की 3500 करोड़ रुपये की एकीकृत परियोजना राज्य पर उनके विश्वास को दर्शाती है। झज्जर की मेट सिटी में स्वीडन की सब कंपनी अपना कार्ल गुस्ताफ विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है। फरीदाबाद में स्वीडिश-स्विस समूह एबीबी की वर्ष 1951 से शुरू हुई विनिर्माण इकाई आधुनिक इलेक्ट्रिक मोटरों का प्रमुख उत्पादक केंद्र है। स्वीडिश शिक्षा संस्था कुन स्कापसकोलन का पहला भारतीय विद्यालय वर्ष 2013 में गुरुग्राम में खोला गया था।
पांच नए शहरों के विकास में सहयोग
पांच नए शहरों के विकास में स्वीडिश कंपनियों का सहयोग
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कोई स्वीडिश कंपनी भारत में नया कदम रखने की सोच रही है, तो हरियाणा बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्वीडिश कंपनियों को हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2027 में भाग लेने और राज्य के साथ सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया। इसमें ग्लोबल सिटी और केएमपी एक्सप्रेसवे के साथ पांच नए शहरों के विकास में स्वीडिश कंपनियों का सहयोग रहेगा। गुरुग्राम और पंचकुला को भी सरकार इसी तर्ज पर स्मार्ट सिटी बना रहे हैं।
भारत-स्वीडन व्यापार और निवेश के लक्ष्य
स्वीडन का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेक इन इंडिया और मेड विद स्वीडन के साझा प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने उल्लेख किया कि मई 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वीडन यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का नया स्वरूप प्रदान किया है। दोनों देशों की साझा पंचवर्षीय कार्य योजना ने सहयोग के लिए स्पष्ट दिशा दी है। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में व्यापार और निवेश समेत आर्थिक आदान-प्रदान को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। भारत एशिया में स्वीडन का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है।
हरियाणा में निवेश के अवसर
हरियाणा को निवेशकों के लिए पहली पसंद
नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुशल मानव संसाधन, मजबूत औद्योगिक आधार और देश के बड़े बाजारों से उत्कृष्ट संपर्क हरियाणा को निवेशकों के लिए पहली पसंद बनाते हैं। हरियाणा उत्तर भारत के बड़े बाजारों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है। राज्य सरकार ने निवेश हरियाणा सिंगल विंडो सिस्टम को और मजबूत किया है, जिससे निवेश प्रक्रिया सरल और तेज हो गई है। इस वार्ता में कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।


