रेलवे स्टेशन का आधुनिक कायाकल्प पूर्ण

हिन्दुस्तान, ललितपुर
Follow us on Google News
share

झांसी मंडल के हरपालपुर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक पुनर्विकास कार्य पूरा हुआ है। 11.745 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को नए स्वरूप में लाया गया है, जिससे यात्री सुविधाएं, पार्किंग, प्रवेश द्वार और प्लेटफॉर्म का सुधार किया गया है। यह स्टेशन बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र है।

रेलवे स्टेशन का आधुनिक कायाकल्प पूर्ण

झांसी। झांसी मंडल के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में शामिल हरपालपुर रेलवे स्टेशन अब अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए स्वरूप में यात्रियों का स्वागत करने के लिए तैयार है। लगभग एक शताब्दी से अधिक समय से क्षेत्र की रेल परिवहन आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहा हरपालपुर स्टेशन बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क केंद्र रहा है। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित यह स्टेशन झांसी–मानिकपुर रेलखंड पर स्थित है तथा छतरपुर, टीकमगढ़, महोबा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कृषि उपज, स्थानीय व्यापार, धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों तथा दैनिक आवागमन के लिए यह स्टेशन लंबे समय से क्षेत्रवासियों की जीवनरेखा बना हुआ है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 11.745 करोड़ रुपये की लागत से हरपालपुर रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य पूर्ण किया गया है। इस योजना के माध्यम से स्टेशन को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम एवं यात्री-अनुकूल स्वरूप प्रदान किया गया है। स्टेशन भवन के उन्नयन के साथ इसकी वास्तुकला को आकर्षक रूप दिया गया है तथा प्रवेश क्षेत्र को अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया गया है। स्टेशन भवन का नवीनीकरण कर आधुनिक बुकिंग हॉल, विशाल पोर्च, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक आंतरिक सज्जा तथा यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं का विकास किया गया है। स्टेशन परिसर में नया प्रवेश द्वार विकसित किया गया है तथा स्टेशन भवन के बाहरी स्वरूप को रात्रिकालीन आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से और अधिक भव्य बनाया गया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 7200 वर्गमीटर क्षेत्र में सर्कुलेटिंग एरिया का विकास किया गया है। सुव्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र, आंतरिक सड़कें, उद्यान विकास, बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था तथा यातायात के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक अवसंरचना विकसित की गई है। स्टेशन परिसर को व्यवस्थित और सौंदर्यपूर्ण स्वरूप प्रदान करने के साथ यात्रियों के आगमन एवं प्रस्थान को अधिक सहज बनाया गया है स्टेशन के प्लेटफॉर्मों का व्यापक उन्नयन किया गया है। लगभग 9500 वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग तथा लगभग 9830 वर्गमीटर क्षेत्र में आधुनिक प्लेटफॉर्म शेल्टर का निर्माण किया गया है, जिससे यात्रियों को सभी मौसमों में बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। प्लेटफॉर्मों पर बेहतर फर्श, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, आधुनिक संकेतक एवं प्रकाश व्यवस्था से यात्री अनुभव में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। स्टेशन पर वातानुकूलित प्रतीक्षालय तथा स्लीपर श्रेणी के यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय विकसित किए गए हैं। इन प्रतीक्षालयों में आरामदायक बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण तथा आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को प्रतीक्षा अवधि के दौरान अधिक सुविधा प्राप्त होगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।