'मौजूदा कोयला वितरण नीति से हार्डकोक उद्योग बदहाल'
इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन की 93वीं आमसभा में हार्डकोक उद्यमियों ने उद्योग की बदहाली पर मंथन किया। गलत कोयला वितरण नीति के कारण उद्योग प्रभावित है। अध्यक्ष बीएन सिंह की अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष एसके सिन्हा ने कहा कि एसोसिएशन नीति की समीक्षा की मांग कर रहा है और उद्योग के विकास के लिए बेहतर समन्वय जरूरी है।

इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन की 93वीं आमसभा में हार्डकोक उद्यमियों ने उद्योग की बदहाली पर मंथन किया। कहा गया कि गलत कोयला वितरण नीति के कारण हार्डकोक उद्योग बदहाल है। वर्तमान चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिए उद्योग जगत के बीच एकजुटता, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया। औद्योगिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए आधारभूत संरचनाओं में सुधार तथा प्रशासन और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया। अध्यक्ष बीएन सिंह की अनुपस्थिति में उनका अभिभाषण वरीय उपाध्यक्ष एस के सिन्हा ने पढ़ा। कहा कि एसोसिसएशन लगातर कोयला वितरण नीति की समीक्षा करने की मांग कर रहा है। मूल्यवान कोकिंग कोल को पावर प्लांटों को दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले हार्डकोक उद्योग के लिए कोयला का कोटा निर्धारित किया जाता था। 2008 में बंद कर फ्यूल सप्लाई एग्रीमेंट करने को कहा गया। 2018 में इसे भी बंद कर लिंकेज ऑक्शन से कोयला लेने को कहा गया। ई-ऑक्शन की आलोचना करते हुए कहा गया कि ई-ऑक्शन में ऊंची कीमत पर बोली लगाकर कम मात्रा में लोग कोयला बुक करते हैं। इससे बाजार अस्थिर होता है। इस प्रक्रिया का उपयोग अवैध रूप से खरीदे गए कोयले को छिपाने के लिए भी किया जाता है। कोयला क्षेत्र में रंगदारी, कोयला चोरी सहित कई अन्य मुद्दों को भी उठाया गया। कहा गया कि मेक इन इंडिया की बात हो रही है, ऐसे में हार्डकोक उद्योग को विशेष तरजीह मिलनी चाहिए。
उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए सुधार
मौके पर उद्यमियों ने कहा कि उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए सड़क, बिजली, परिवहन सहित आधारभूत सुविधाओं में निरंतर सुधार आवश्यक है। साथ ही प्रशासन और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय तथा उद्यमियों से जुड़े मुद्दों पर त्वरित एवं सकारात्मक संवाद से औद्योगिक विकास को नई गति मिल सकती है। 93 वर्षों की लंबी यात्रा इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन की मजबूत विरासत और उद्योग जगत में उसकी निरंतर भूमिका को दर्शाती है। वार्षिक आम सभा में इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए औद्योगिक विकास, रोजगार के अवसरों के विस्तार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया। सभा के समापन पर उद्योग जगत में नई ऊर्जा, बेहतर समन्वय और भविष्य को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण का संदेश उभरकर सामने आया। संचालन डॉ. प्रमोद पाठक ने किया। एसोसिएशन के प्रदीप चटर्जी, चिन्मय बनर्जी आदि भी उपस्थित थे।
बीएन सिंह का पुनः चुनाव
बीएन सिंह फिर इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोशिएशन के अघ्यक्ष चुने गए। बुधवार को इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स की आमसभा में सर्वसम्मति से बीएन सिंह को अघ्यक्ष चुना गया। हालांकि कतिपय कारणों से बीएन सिंह बैठक में मौजूद नहीं थे। 1999 से बीएन सिंह एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। 2026-27 एवं 2027-28 के लिए पुन: अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। वरीय उपाध्यक्ष पद पर एसके सिन्हा व उपाध्यक्ष पद के लिए सुनील कुमार अग्रवाल के चयन की घोषणा की गई।
कमेटी मेंबर के रूप में सुनील कुमार अग्रवाल, सज्जन कुमार खरकिया, वैद्यनाथ सिंह, योगेंद्र नाथ नरूला, रामेश्वर दयाल अग्रवाल, इंद्रमोहन मेमन, शंभुनाथ अग्रवाल, राकेश कुमार गुटगुटिया, कैलाश प्रसाद अग्रवाल, अमितेश कुमार सहाय, सुनील कुमार गोयल, के एन मित्तल, सुरेंद्र कुमार सिन्हा, नवीन कुमार सिन्हा व वेद निधि शर्मा चुने गए।

