हापुड़ : चाबी ढूंढ़ने के बहाने कमरे में घुसकर युवती से की छेड़छाड़
हापुड़ में एक युवती के कमरे में उसके मकान मालिक का पुत्र घुस आया और ने उसके साथ अश्लील हरकत की। युवती के शोर करने पर आरोपी फरार हो गया। पहले भी युवक पर आरोप था, लेकिन पहले मामला सुलझा लिया गया था। अब युवती की मां ने शिकायत दर्ज कराई है, जिससे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हापुड़, संवाददाता कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती के कमरे में मकान मालिक का पुत्र घुस आया। आरोप है कि युवक ने युवती के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। इसी बीच कमरे में सो रहा युवती की मौसी का पुत्र उठ गया तो आरोपी फरार हो गया। युवती की मां ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।महिला ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया है कि वह किराए के मकान में रहती है। 15 अगस्त की सुबह को वह अपने पिता की बिगड़ी हुई तबीयत के कारण नगर के एक अस्पताल में थी।
घर पर उसकी पुत्री और उसकी बहन का पुत्र मौजूद थे। सुबह के समय मकान मालिक का पुत्र उदित शर्मा बाइक की चाबी को ढूढ़ने के बहाने युवती से दरवाजे को खुलवाने का प्रयास करने लगा। युवती ने कहा कि वह थोड़ी देर में चाबी ढूंढ़कर दे देगी, लेकिन आरोपी जबरन कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास करता रहा। मजबूरी में युवती को दरवाजा खोलना पड़ा। आरोप है कि युवक ने युवती को पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ करने लगा। युवती का शोर सुनकर पास के कमरे में सो रहे युवती की मौसी के पुत्र की आंख खुल गई। आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता का आरोप है कि दो साल पहले भी आरोपी युवक छेड़छाड़ कर चुका है। तब उसके परिजनों ने माफी मांग ली थी, जिस पर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। अब पीड़िता ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।


