गुलाबघाटी को मिलेगी जाम से मुक्ति, टू लेन रोड और भूस्खलन रोकने को 48 करोड़ मंजूर
हल्द्वानी, काठगोदाम से गुलाबघाटी में भूस्खलन के कारण लगने वाले जाम से राहत के लिए शासन ने 48 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस योजना के तहत पहाड़ी की सुरक्षा और सड़क को टू लेन बनाया जाएगा, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों का जाम से निकास आसान होगा।

हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। काठगोदाम से ऊपर गुलाबघाटी में बरसात के दौरान भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने से लगने वाले जाम से अब जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है। शासन ने यहां सुरक्षात्मक कार्यों के लिए करीब 48 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। इसके तहत करीब 200 मीटर के दायरे में पहाड़ी को सुरक्षित करने के साथ ही सड़क को टू लेन बनाने का काम किया जाएगा।
गुलाबघाटी में भूस्खलन की समस्या
गुलाबघाटी में लंबे समय से बारिश के दौरान पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने की समस्या बनी हुई है। इससे हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। पर्यटन सीजन में वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। ऐसे में सुरक्षात्मक कार्य पूरा होने के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत नदी से करीब 35 मीटर ऊंची आरसीसी संरचना तैयार की जाएगी। नदी की तरफ से रॉ कंकरिंग और सीसी क्लोटिंग की दीवार बनाई जाएगी। पहाड़ी से आने वाले मलबे और पत्थरों के दबाव को रोकने के लिए संरचना को मजबूत बनाया जाएगा। दीवार के बाहरी किनारे पर वेल्डेड वायर भी लगाया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किया जा सके। इसके साथ ही सड़क के हिस्से को विकसित कर टू लेन किया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही बेहतर हो सके।
प्रतिदिन गुजरते हैं करीब 50 हजार वाहन
काठगोदाम से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर प्रतिदिन करीब 50 हजार वाहनों का आवागमन होता है। इनमें स्थानीय लोगों के वाहनों के साथ पर्यटक और व्यावसायिक वाहन भी शामिल हैं। गुलाबघाटी क्षेत्र में सड़क संकरी होने और भूस्खलन के कारण वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है। सुरक्षात्मक कार्य और सड़क चौड़ी होने के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
बारिश थमते ही शुरू होगा काम
गुलाबघाटी में सड़क के सुरक्षात्मक कार्य के लिए शासन से मंजूरी मिलने के बाद विभागीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड हल्द्वानी के अधिकारियों के मुताबिक बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। प्राथमिकता पहाड़ी को सुरक्षित करने और सड़क पर भूस्खलन के खतरे को कम करने की रहेगी। विभाग का मानना है कि करीब 48 करोड़ रुपये की इस परियोजना से गुलाबघाटी में बार-बार होने वाले भूस्खलन की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। साथ ही सड़क के टू लेन होने से वाहनों को एक-दूसरे को पास देने में आने वाली दिक्कत भी कम होगी। इसका सीधा लाभ हल्द्वानी-काठगोदाम से नैनीताल और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को मिलेगा।
बारिश का मौसम समाप्त होते ही गुलाबघाटी में सड़क सुरक्षा का कार्य शुरू कराया जाएगा। इस काम में 48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निविदाओं का काम पूरा हो गया है। -महेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता एनएच खंड हल्द्वानी


