गुरुकुल सिटी में दीपावली तक भूखण्ड पंजीकरण की तैयारी
गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नया गोरखपुर परियोजना के तहत 19.55 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के निर्माण का टेंडर पूरा हो गया है। दीपावली तक भूखंडों का पंजीकरण शुरू होने की योजना है। गुरुकुल सिटी के लिए 153 हेक्टेयर भूमि का लक्ष्य रखा गया है।
गोरखपुर, राजीव दत्त पाण्डेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी नया गोरखपुर में प्रस्तावित गुरुकुल सिटी परियोजना 19.55 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित तीन प्रमुख सड़कों के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने को है। वहीं, दीपावली तक गोरखपुर विकास प्राधिकरण की भूखंडों का पंजीकरण शुरू करने की योजना है। परियोजना का विस्तृत ले आउट प्लान बनाने के लिए सलाहकार फर्म के चयन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो जाएगी। बोर्ड ने परियोजना का ले-आउट पहले ही स्वीकृत किया हुआ है।
गुरुकुल सिटी की भूमि अधिग्रहण
मानीराम, बालापार और रहमतनगर में विकसित किए जा रहे गुरुकुल सिटी फेज-1 एवं फेज-2 के लिए कुल 153.079 हेक्टेयर भूमि का लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष अब तक 1308 किसानों से समझौते के आधार पर 90.964 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त लगभग 08 हेक्टेयर ग्राम पंचायत की सरकारी भूमि उपलब्ध है। शेष के लिए भूमि अर्जन अधिनियम की धारा-11 के तहत अधिसूचना का प्रकाशन जल्द होने की संभावना है। हालांकि समझौते का विकल्प भी खुला रखा है। गुरुकुल टाउनशिप का फ्रंट ताल की ओर रहेगा लिहाजा ताल के सुंदरीकरण का खर्च भी परियोजना से खर्च से ही वहन होगा। रामगढ़ताल की तर्ज पर चिलुआताल को विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर पयर्टन विभाग जीडीए को हैंडओवर की तैयारियां कर रहा है। सड़क, नाली, सीवर, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य आधारभूत सुविधाओं को शामिल करते हुए सम्पूर्ण परियोजना की डीपीआर तैयार कराने के लिए शीघ्र सलाहकार फर्म नियुक्त हो जाएगा।
सड़क निर्माण की लागत
19.55 करोड़ से बनेगी सड़कें
गुरुकुल सिटी फेज-1 में रहमतनगर और मानीराम क्षेत्र में 19 करोड़ 55 लाख 26 हजार रुपये की लागत से कुल 3110 मीटर लंबी तीन प्रमुख सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इनमें 49 मीटर चौड़ी और 1190 मीटर लंबी मुख्य सड़क, 18 मीटर चौड़ी 540 मीटर लंबी दूसरी सड़क और 12 मीटर चौड़ी 1380 मीटर लंबी तीसरी सड़क शामिल है। इन सड़कों के निर्माण के लिए 26 आराजी की भूमि पहले ही अर्जित है, 76 आराजी के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
गुरुकुल सिटी की सुविधाएँ
गुरुकुल सिटी आधुनिक, व्यवस्थित और विश्वस्तरीय सुविधाओं वाली टाउनशिप होगी। डीपीआर बनाने के साथ आधारभूत ढांचे और भूमि संबंधी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर जल्द पंजीकरण शुरू कराने का हमारा लक्ष्य है।’
- अभिनव गोपाल, उपाध्यक्ष, जीडीए


