48 घंटे में तीन गुमशुदा लड़कियां बरामद, परिजनों से मिलाया
गुरुग्राम पुलिस ने 24 से 48 घंटे के भीतर तीन गुमशुदा लड़कियों को सकुशल बरामद किया। तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए, असम और पश्चिम बंगाल से दो नाबालिग लड़कियों को उनके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। गुरुग्राम पुलिस ने अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से गुमशुदा हुई तीन लड़कियों को महज 24 से 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की टीमों ने न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर असम और पश्चिम बंगाल जैसे दूरदराज के राज्यों से भी दो नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित ढूंढ निकाला और उन्हें उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। थाना सेक्टर-40 की पुलिस टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक 20 वर्षीय युवती और एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद किया। सेक्टर-40 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-45 निवासी एक व्यक्ति ने नौ जुलाई को अपनी 20 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत दी थी, जिसे पुलिस ने महज 24 घंटे में ढूंढ निकाला। वहीं पांच जुलाई को दर्ज दूसरे मामले में लापता हुई 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची का सुराग पुलिस ने तकनीकी सहायता से असम में लगाया और वहां से उसे सकुशल रेस्क्यू कर काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा।
पश्चिम बंगाल से 48 घंटे में ढूंढी 14 वर्षीय बच्ची
तीसरी सफलता थाना सदर, गुरुग्राम की पुलिस टीम को मिली। थाना सदर में छह जुलाई को एक 14 वर्षीय लड़की के घर से लापता होने का मामला दर्ज कराया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत तफ्तीश शुरू की और लगातार प्रयासों के बाद महज 48 घंटे के भीतर पश्चिम बंगाल से लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। कानूनी औपचारिकताएं और काउंसलिंग पूरी करने के बाद बच्ची को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। तीनों ही मामलों में बेटियों के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना की है।
गुमशुदगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें: पुलिस आयुक्त
गुरुग्राम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई बच्चा, महिला या अन्य व्यक्ति लापता हो जाता है, तो बिना किसी देरी के तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या आपातकालीन नंबर डायल-112 पर सूचना दें। समय पर मिलने वाली जानकारी के आधार पर पुलिस तत्काल कदम उठाकर गुमशुदा व्यक्ति की शीघ्र और सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित कर सकती है।


