छह महीने में डेढ़ सौ तस्कर दबोचे
गुरुग्राम पुलिस ने 2026 के पहले छह महीनों में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निर्धारित 108 मामलों में 152 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नशे की बिक्री की जानकारी देने के लिए आम नागरिकों से मदद मांगी है।

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। नशा तस्करों के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 108 मामलों में 152 नशा तस्करों और सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों के धंधे में शामिल अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस हर एक तस्कर को चिन्हित कर उसकी कड़ी निगरानी कर रही है।
नशे की खरीद-फरोख्त के मामलों में कार्रवाई
पुलिस ने एक जनवरी से 30 जून 2026 के बीच गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इनमें मुख्य रूप से 182.59 किलोग्राम गांजा, 4.02 किलोग्राम चरस, 216 ग्राम हेरोइन, 159 ग्राम स्मैक, 3.2 किलोग्राम पॉपी हस्क, 122 ग्राम एमडीएमए और 6 ग्राम कोकीन शामिल हैं। इसके साथ ही एंटी नारकोटिक्स सेल ने कार्रवाई को केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रखकर 10 चिन्हित नशा तस्करों द्वारा अपराध की कमाई से बनाई गई अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
जनभागीदारी से मजबूत होगी लड़ाई
गुरुग्राम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे समाज को नशामुक्त बनाने में अपना सहयोग दें। यदि कहीं भी नशे की बिक्री, सप्लाई या तस्करी की जानकारी मिले, तो उसकी सूचना तुरंत 'मानस' हेल्पलाइन नंबर 1933 या गुरुग्राम पुलिस की विशेष हेल्पलाइन 9289140479 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


