ओएसबी गोल्फ हाइट्स में खरीद पर रोक लगी
गुरुग्राम में, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने ओशियन सेवन बिल्डटैक प्राइवेट लिमिटेड का ओएसबी गोल्फ हाइट्स का लाइसेंस रद्द कर दिया है। परियोजना की खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी गई है। निर्माण कार्य ठप है और कंपनी पर 6.61 लाख रुपये का विकास शुल्क बकाया है।

गुरुग्राम, गौरव चौधरी। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के निदेशक ने ओशियन सेवन बिल्डटैक प्राइवेट लिमिटेड के सेक्टर-69 स्थित ओएसबी गोल्फ हाइट्स का लाइसेंस रद्द कर दिया है। इस परियोजना में खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी है। वरिष्ठ नगर योजनाकार को इस परियोजना को अधीन लेने के आदेश जारी किए हैं। हरियाणा सरकार की किफायती आवास योजना के तहत इस रियल एस्टेट कंपनी को सेक्टर-69 में ओएसबी गोल्फ हाइट्स सोसाइटी विकसित करने के लिए लाइसेंस दिया था। नियमानुसार चार साल की समयावधि में यह परियोजना पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन फ्लैट खरीदारों के मुताबिक अब तक सिर्फ 10 प्रतिशत निर्माण हुआ है। साल 2021 में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के वरिष्ठ नगर योजनाकार ने रिपोर्ट दी थी कि टावर एक के लिए अभी खुदाई की गई है। टावर नंबर दो और तीन को 12 मंजिल तक खड़ा कर दिया है। मई, 2022 से लेकर मार्च, 2023 तक इस बिल्डर कंपनी को कई बार निदेशक कार्यालय ने सुनवाई के लिए नोटिस जारी किए।
परियोजना का निरीक्षण
इस कंपनी पर आरोप है कि इसने एक मई, 2023 के बाद लाइसेंस को रिन्यू नहीं करवाया। 6.61 लाख रुपये का बाहरी विकास शुल्क इस कंपनी पर इस परियोजना को लेकर बकाया है। आंतरिक विकास शुल्क की बैंक गारंटी की समयावधि खत्म हो चुकी है। गत 29 मई और 19 जून को सुनवाई के बाद निदेशक कार्यालय से एक टीम ने इस परियोजना का निरीक्षण किया था। इस टीम ने मौके पर पाया था कि निर्माण कार्य पूर्णतया बंद है। हालात देखकर लग रहा था कि काफी समय से इस परियोजना पर काम नहीं चल रहा है। देखरेख के अभाव में निर्माणाधीन इमारत की हालत भी खराब हो रही है।
सोसाइटी में सात सौ फ्लैट
वरिष्ठ नगर योजनाकार, मुख्यालय ने निरीक्षण के बाद इस परियोजना का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की थी। गोल्फ हाइट्स सोसाइटी में करीब 700 फ्लैट हैं। इसमें करीब 350 फ्लैट बिके हैं। बता दें कि इससे पहले सेक्टर-109 स्थित ओएसबी एक्सप्रेसवे टावर्स सोसाइटी का लाइसेंस रद्द हो चुका है। इस सोसाइटी में एक हजार से अधिक फ्लैट खरीदारा हैं। सेक्टर-70 में ओएसबी वेनेटियन नाम से इस कंपनी ने किफायती आवास योजना के तहत साल 2019 में सोसाइटी लांच की थी। अभी तक इसमें एक ईंट तक नहीं रखी गई है।
कंपनी के निदेशक की गिरफ्तारी
पिछले साल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन अधिनियम के तहत ओशियन सेवन बिल्डटैक प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक स्वराज सिंह यादव के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। स्वराज सिंह यादव को गिरफ्तार किया था, जो पिछले करीब नौ महीने से तिहाड़ जेल में बंद हैं।


