यूजी दाखिले में दस्तावेज सत्यापन की बारी

हिन्दुस्तान, गुड़गांव
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम जिले के सरकारी कॉलेजों में स्नातक दाखिलों के लिए दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 18 जुलाई तक चलेगी। लगभग 30 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। उम्मीदवारों को पहले प्राथमिकता वाले कॉलेज के जरिए ही दस्तावेज़ों की जांच करवानी होगी। मेरिट सूची 20 जुलाई को जारी होगी।

यूजी दाखिले में दस्तावेज सत्यापन की बारी

गुरुग्राम, साक्षी रावत। जिले के सरकारी कॉलेजों में स्नातक (यूजी) दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रवेश प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण दस्तावेज सत्यापन शुरू हो गया है। उच्चतर शिक्षा विभाग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार यह प्रक्रिया 18 जुलाई तक चलेगी। इस दौरान कॉलेजों की ओर से विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आरक्षण प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच की जाएगी। जिन आवेदनों में किसी प्रकार की त्रुटि या दस्तावेजों की कमी मिलेगी, उन विद्यार्थियों से सीधे फोन और छात्र लॉगिन के माध्यम से संपर्क कर उसे समय रहते ठीक कराने का अवसर दिया जाएगा। जिले के सरकारी कॉलेजों में इस बार करीब 30 हजार के करीब आवेदन प्राप्त हुए हैं। हालांकि प्रवेश अधिकारियों के अनुसार इनमें बड़ी संख्या ऐसे विद्यार्थियों की है, जिन्होंने एक साथ कई कॉलेजों और अलग-अलग पाठ्यक्रमों में आवेदन किया है। ऐसे में वास्तविक अभ्यर्थियों की संख्या आवेदन के आंकड़े से कम है। सबसे अधिक आवेदन राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-9 और द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में आए हैं, जबकि सोहना-पटौदी, सेक्टर-52 और कुछ अन्य कॉलेजों में सीटों के मुकाबले आवेदन अपेक्षाकृत कम हैं।

प्रवेश प्रक्रिया की खास बात

प्रवेश प्रक्रिया की खास बात यह है कि किसी भी विद्यार्थी के दस्तावेजों का सत्यापन केवल उसी कॉलेज द्वारा किया जाएगा, जिसे उसने आवेदन करते समय अपनी पहली प्राथमिकता के रूप में चुना है। यदि किसी छात्र ने पांच कॉलेजों में आवेदन किया है तो बाकी चार कॉलेज अलग से उसके दस्तावेजों की जांच नहीं करेंगे। पहली प्राथमिकता वाला कॉलेज ही सभी प्रमाण पत्रों का सत्यापन कर उन्हें पोर्टल पर अपडेट करेगा। इसके बाद वही सत्यापित आवेदन अन्य कॉलेजों में भी मान्य रहेगा। सत्यापन के दौरान यदि अंकपत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र, फोटो, हस्ताक्षर या अन्य किसी दस्तावेज में कमी अथवा त्रुटि मिलती है तो संबंधित विद्यार्थी को छात्र लॉगिन पर सूचना भेजी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर कॉलेज प्रशासन फोन के माध्यम से भी संपर्क करेगा। विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियां दूर करनी होंगी। यदि समय पर दस्तावेज सही नहीं किए गए या आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई तो संबंधित आवेदन मेरिट सूची से बाहर हो सकता है।

मेरिट सूची की घोषणा

दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 20 जुलाई को मेरिट सूची के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 21 जुलाई को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची और 22 जुलाई को पहली अंतिम मेरिट सूची जारी होगी। पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को 23 से 27 जुलाई तक फीस जमा कर अपनी सीट सुनिश्चित करनी होगी। इसके बाद दूसरी मेरिट सूची और आवश्यकता पड़ने पर फिजिकल काउंसलिंग के माध्यम से रिक्त सीटों पर दाखिले पूरे किए जाएंगे। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से अपने छात्र लॉगिन और प्रवेश पोर्टल की जांच करते रहें। किसी भी प्रकार की आपत्ति या दस्तावेज संबंधी सूचना मिलने पर उसका तत्काल जवाब दें, ताकि मेरिट सूची में शामिल होने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों का कहना है कि समय पर दस्तावेज सत्यापन पूरा होने से प्रवेश प्रक्रिया भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ सकेगी।

सामान्य प्रश्न

दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया कब शुरू होगी?
दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया 18 जुलाई तक चलेगी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।