स्नातक में 81 हजार छात्रों ने कराया पंजीकरण
गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में स्नातक में प्रवेश के लिए अंतिम तिथि समाप्त हो गई। 81 हजार छात्रों ने पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्ष से कम है। विवि प्रशासन तारीख बढ़ाने पर विचार कर रहा है। खराब एलएलबी रिजल्ट भी छात्रों की संख्या में कमी का कारण हो सकता है।

गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में स्नातक में प्रवेश की अंतिम तिथि बुधवार को पूरी हो गई। अभी तक 81 हजार छात्रों ने यूनिवर्सिटी में दाखिले के लिए पंजीयन कराया है। हालांकि, पिछली बार के मुकाबले इस बार छात्रों की संख्या कम है इसीलिए विवि तारीख आगे बढ़ा सकता है। यूनिवर्सिटी से कुल 370 कॉलेज संबद्ध हैं, जिनमें स्नातक में प्रवेश के लिए पंजीयन की प्रक्रिया पिछले महीने से चल रही थी। पंजीयन की अंतिम तिथि 15 जुलाई थी। इस तारीख तक यूनिवर्सिटी में 81 हजार छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराए हैं। पिछले साल से तुलना करें तो इस समय तक एक लाख से अधिक छात्र स्नातक में दाखिले के लिए पंजीकरण करा चुके थे। विवि प्रशासन का कहना है कि जिन छात्रों ने पंजीयन किया है, उनके द्वारा अभी फीस जमा की जा रही है। अभी एलएलबी में भी दाखिले शुरू नहीं हुए हैं इसीलिए यह आंकड़ा बढ़ सकता है।
खराब रिजल्ट का पड़ा असर
विवि में इस बार एलएलबी का रिजल्ट काफी खराब था। 90 फीसदी से अधिक छात्र प्रथम सेमेस्टर में फेल हुए थे। एक यह भी कारण हो सकता है कि इस बार छात्रों का रुझान कम रहा हो। हालांकि, छात्रों का रुझान पारंपरिक के बजाय कौशल आधारित कोर्स की तरफ बढ़ा है।


