गुरुग्राम मेडिकल-एजुकेशन हब का नौ हजार करोड़ का कारोबार
गुरुग्राम अब उच्च शिक्षा और चिकित्सा के लिए एक प्रमुख केंद्र बन गया है। यहां का निजी स्वास्थ्य बाजार 6800 करोड़ का है, जिसमें चिकित्सा पर्यटन का कारोबार 800 से 900 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, शिक्षा कारोबार लगभग 5000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जिससे क्षेत्र में छात्रों और मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

-एनसीआर ही नहीं दुनिया भर से लोग उच्च शिक्षा और इलाज के गुरुग्राम आ रहे -हॉस्टल, पीजी, रेंटल रियल एस्टेट, स्टूडेंट कॉमर्शियल से 1000 करोड़ कारेाबार -छात्रों और निजी कंपनियों में काम करने वाले के लिए नहीं है सुरक्षित जगह -गुरुग्राम के निजी हेल्थकेयर बाजार 6800 करोड़ से अधिक का आंका गया -मेडिकल हब से वैश्विक स्तर पर चिकित्सा पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बना गुरुग्राम, अमर मौर्य। आईटी हब के रूप में पहचान बना चुका गुरुग्राम अब तेजी से ग्लोबल हेल्थकेयर और मेडिकल टूरिज्म हब बन रहा है। मेडिकल और एजुकेशन सेक्टर का नौ हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार होते हैं。
उच्च शिक्षा और इलाज का केंद्र
एनसीआर ही नहीं दुनिया भर से लोग उच्च शिक्षा और इलाज के लिए गुरुग्राम आते हैं। इससे हॉस्टल, पीजी, रेंटल रियल एस्टेट, स्टूडेंट कॉमर्शियल से 1000 करोड़ कारोबार होते हैं। जो छात्रों और निजी कंपनियों में काम करने वाले के लिए सुरक्षित जगह नहीं है।
6800 करोड़ रुपये का निजी स्वास्थ्य बाजार
टीआर लाइफ साइंसेज की शोध रिपोर्ट के मुताबिक गुरुग्राम का निजी स्वास्थ्य बाजार करीब 6800 करोड़ रुपये का है। इसमें मेडिकल वैल्यू ट्रैवल यानी मेडिकल टूरिज्म का कारोबार करीब 800 से 900 करोड़ रुपये का है। यह दिल्ली-एनसीआर के मेडिकल टूरिज्म बाजार का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा है। विदेशी मरीजों के साथ उनके परिजनों के लंबे समय तक शहर में ठहरने से होटल और ट्रांसपोर्ट कारोबार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
मिडिल ईस्ट और अफ्रीका से पहुंच रहे मरीज
गुरुग्राम के प्रमुख कॉरर्पोरेट अस्पतालों में मिडिल ईस्ट, अफ्रीका, सीआईएस और सार्क देशों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें करीब 80 प्रतिशत मरीज ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरो और स्पाइन सर्जरी, कैंसर, हृदय रोग और अंग प्रत्यारोपण जैसी जटिल चिकित्सा सेवाओं के लिए आते हैं। वहीं, हरियाणा के अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और पूर्वोत्तर राज्यों से भी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीज गुरुग्राम पहुंच रहे हैं। यहां पर पांच बड़े अस्पतालों ने बनाई अलग पहचान बनाई है। इन अस्पतालों में जटिल बीमारियों के इलाज के साथ अत्याधुनिक सर्जरी और ट्रॉमा केयर की सुविधा उपलब्ध है।
शिक्षा कारोबार करीब पांच हजार करोड़
शहर में मौजूद प्रीमियम स्कूल, नामी विश्वविद्यालय, आधुनिक शिक्षण सुविधाएं और इंडस्ट्री से जुड़े कोर्स विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रहे हैं। यही वजह है कि अब गुरुग्राम केवल नौकरी और कारोबार का केंद्र नहीं, बल्कि देश-विदेश के विद्यार्थियों के लिए पसंदीदा शिक्षा का केंद्र बनता जा रहा है। शिक्षा कारोबार करीब पांच हजार करोड़ रुपये बताया जाता है।
देश-विदेश से पढ़ने पहुंच रहे विद्यार्थी
गुरुग्राम के शिक्षण संस्थानों में दिल्ली-एनसीआर के अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पूर्वोत्तर राज्यों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंच रहे हैं। वहीं नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, अफ्रीकी देशों और मिडिल ईस्ट से भी विद्यार्थी मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, एआई और डेटा साइंस जैसे विषयों की पढ़ाई के लिए शहर का रुख कर रहे हैं।

