बुलंदशहर : मुठभेड़ में गाजियाबाद का बदमाश गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
बुलंदशहर के गुलावठी अंडरपास पर पुलिस और वांछित बदमाश जाकिर के बीच मुठभेड़ हुई। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में उसे पैर में गोली लगी। जाकिर को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका साथी फरार हो गया है। जाकिर के खिलाफ 11 मामले दर्ज हैं।

बुलंदशहर। गुलावठी अंडरपास के पास रविवार देर रात सिकंदराबाद पुलिस की वांछित बदमाश से मुठभेड़ हो गई। बदमाश द्वारा पुलिस पर फायरिंग करने के बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सिकंदराबाद सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि रविवार रात पुलिस संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हृदयपुर की ओर से बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज कर दोनों कांवरा-हृदयपुर मार्ग की ओर भाग निकले।
पीछा करने पर उनकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान जाकिर पुत्र पप्पन निवासी हामिद कॉलोनी, थाना विजयनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, दो खोखे, घटना में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल और पांच हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।पुलिस के अनुसार जाकिर शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ गाजियाबाद, नोएडा व बुलंदशहर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, चोरी, टप्पेबाजी समेत अन्य मामलों के करीब 11 मुकदमे दर्ज हैं। वह 15 जून को एफडब्ल्यूएस वेयरहाउस के पास एक व्यक्ति से मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये की छिनैती के मामले में वांछित चल रहा था। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।


