गुजरात: सेना के जवान को पुलिसकर्मियों ने बुरी तरह पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद दो सस्पेंड
गुजरात के जूनागढ़ जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो पुलिसकर्मियों ने एक आर्मी जवान को बुरी तरह से पीटा है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले में सख्त कार्रवाई की...

गुजरात के जूनागढ़ जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो पुलिसकर्मियों ने एक आर्मी जवान को बुरी तरह से पीटा है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले में सख्त कार्रवाई की गई है। इसके तहत घटना में शामिल दो पुलिस जवानों को सस्पेंड कर दिया गया है। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी। जिन दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है उनके नाम राजेश बांधिया और चेतन मकवाना बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जूनागढ़ एसपी रवि तेजा वसमसेट्टी के आदेश पर इन्हें बांटवा पुलिस थाने से अटैच कर दिया गया है।
Such a shameful act by Junagadh police
Is this justice to a soldier? pic.twitter.com/p6yqaoVosF
आखिर क्या है वीडियो में?
जिस वीडियो की बात हो रही है वह 29 अगस्त की रात का है। यह मनावदार तालुका के पदर्दी गांव बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि दो पुलिसवाले सेना के एक जवान को बुरी तरह से पीट रहे हैं। सेना के जवान का नाम कान्हाभाई केशवाला बताया गया है। वह कुछ ही दिन पहले छुट्टी पर अपने गांव आया था। दोनों पुलिसकर्मी सेना के इस जवान को अन्य पुलिसकर्मियों और गांववालों की मौजूदगी में डंडे से पीट रहे हैं। साथ ही उनके ऊपर घूंसे भी बरसाए जा रहे हैं।
क्या है घटना के पीछे की वजह
इस घटना के पीछे अलग-अलग वजहें बताई जा रही हैं। सेना के जवान की मां का कहना है कि उसके बेटे को बिना की किसी वजह के पुलिसवालों ने पीटा है। वहीं गांव वाले कुछ और ही वजह बता रहे हैं। गांव के लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रेम विवाह से जुड़े एक मामले की छानबीन के लिए कुछ पुलिसवाले गांव आए थे। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया था। गांववालों के मुताबिक पुलिसवालों को शक था कि यह आर्मी जवान भी उस भीड़ में शामिल था, जिसने पुलिसवालों को पीटा था।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


