बम धमकी के ईमेल भेजने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
-आरोपियों को बिहार और झारखंड से पकड़ा गया - मदद क्रिप्टोकरेंसी के इस्तेमाल

अहमदाबाद, एजेंसी। गुजरात पुलिस के साइबर केंद्र ने सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल भेजने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बिहार और झारखंड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में गिरोह के बांग्लादेश से जुड़े लोगों से आर्थिक मदद मिलने और लेनदेन में क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।पुलिस के अनुसार बिहार के भागलपुर से रोशन कुमार भूमिहार उर्फ राय को गिरफ्तार किया गया है। उस पर 10 सितंबर को गुजरात सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल भेजने का आरोप है।
दूसरे आरोपी गुलशन कुमार सिंह को झारखंड के देवघर से पकड़ा गया। पुलिस को संदेह है कि वह गिरोह के लिए ईमेल खातों और पासवर्ड की व्यवस्था करने वाला मुख्य व्यक्ति है। उसके पास कथित तौर पर 5 लाख 13 हजार 847 अलग-अलग ईमेल खातों और पासवर्ड की सूची थी। पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर को गुजरात सरकार के विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग के ईमेल पर धमकी भरा संदेश आया था। इसमें मुख्यमंत्री कार्यालय, राज्य विधानसभा, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और दिल्ली में हाल में हुए ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान भारत का समर्थन करने वाले देशों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। तकनीकी जांच और डिजिटल सबूतों से पता चला कि यह ईमेल भागलपुर से संचालित किया गया था। इसके बाद पुलिस ने रोशन कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि उसे ईमेल खाता गुलशन कुमार ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद गुलशन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के पास 5 लाख 13 हजार 847 ईमेल खातों और पासवर्ड की सूची मिली है।

