साझा कारोबार करने का झांसा दे 9.94 करोड़ की धोखाधड़ी
रांची के नेवरी विकास में रियल एस्टेट कारोबार का झांसा देकर गुजरात के एक दंपति पर 9.94 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। शिकायतकर्ता विक्रम सिंह के अनुसार, दंपति ने फ्लैट और जमीन में निवेश का भरोसा दिलाया। उन्होंने कई खातों में रकम भेजी, लेकिन संपत्ति का हस्तांतरण मांगने पर आरोपियों ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में केस दर्ज किया गया है।

रांची, प्रमुख संवाददाता। मेसरा ओपी के नेवरी विकास में रियल एस्टेट का साझा कारोबार करने का झांसा देकर गुजरात के एक दंपति ने 9.94 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर ली। मामले में बेड़ो के नेहाल डुमरी के रहने वाले विक्रम सिंह की लिखित शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी गुजरात के नवसारी जिला के गांडेवी रोड में रहने वाले विशाल रंजीत राव व श्रद्धा विशाल राव को बनाया गया है। स्टॉक मार्केट का काम करने वाले सूचक की ओर से बताया गया कि चार साल पहले उनकी मुलाकात महिला सोनल भक्ता से हुई। दोनों में व्यावसायिक संबंध से काम बढ़ने लगा।
सोनल की परिचित श्रद्धा राव व उसके पति विशाल रंजीत राव से सूचक की भेंट हुई। दंपति ने एक फ्लैट व जमीन दिखाई, जो सूचक और महिला सहयोगी को पसंद आई। इसके बाद दंपति रांची आए और नेवरी विकास में व्यवसाय को लेकर सहमति बनी। दंपति ने दोनों को झांसा देकर विश्वास में ले लिया। सूचक ने बिना विचारे दंपत के कई बचत खाता में क्रमवार 9.94 करोड़ रुपये भेज दिए। इसके बाद राशि भुगतान के उपरांत जब सूचक ने जमीन एवं फ्लैट को अपने अधिकार में लेने व पक्ष में निबंधन की बातचीत की तो दोनों ने उन्हें जान से मार डालने की धमकी दी और दिए गए रुपयों को भूल जाने को कहा।


