गुजरात निकाय चुनाव में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने परचम लहराया है तो आम आदमी पार्टी ने भी राज्य में धमाकेदार एंट्री मारी है। हीरों के लिए मशहूर और बीजेपी के गढ़ सूरत में AAP ने 27 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। हालांकि, 'आप' का यह प्रदर्शन बीजेपी के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि पिछली बार मुख्य विपक्षी पार्टी रही कांग्रेस का इस बार खाता भी नहीं खुल पाया।
सूरत नगर निगम की कुल 120 सीटों में से 93 सीटों पर कमल खिला है तो आप को 27 सीटें मिली हैं। इस बार यहां कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया, जबकि पिछली यहां उसकी तीन दर्जन सीटें थीं। पार्टी के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद सूरत कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बाबू रायका ने पद से इस्तीफा दे दिया है। गुजरात बीजेपी चीफ सीआर पाटिल ने कहा है कि केंद्रीय नेतृत्व में उनकी पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा है। आप के अच्छे प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा, ''आप को सूरत में झूठे वादों पर वोट मिले हैं।''
Gujarat: BJP wins 93 seats, while Aam Aadmi Party bags 27 seats in Surat Municipal Corporation election; Congress draws a blank.
— ANI (@ANI) February 23, 2021
कांग्रेस ने दिसंबर 2015 के निकाय चुनावों में सूरत में 36 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि बीजेपी को 79 सीटें हासिल हुई थीं. इस लिहाज से बीजेपी ने यह अपने प्रदर्शन में सुधार किया है तो कांग्रेस ने अपनी सभी सीटें खो दी हैं। आम आदमी पार्टी ने इस बार गुजरात निकाय चुनावों में पूरी ताकत झोंक दी थी। 14 फरवरी को दिल्ली के डेप्युटी सीएम मनीष सिसोदिया ने यहां रोड शो की थी।
6 नगर निगमों- अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, भावनगर और जामनगर के 144 वार्डों की 576 सीट के लिए रविवार को मतदान हुआ था। चुनाव में औसतन 46.1 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। भाजपा का लंबे समय से इन नगर निगमों में शासन है।