गुजरात एटीएस ने पकड़ी आठ करोड़ की नशीली गोलियां
-राजस्थान से थोक व्यापारी को गिरफ्तार किया गया -बस से राजस्थान के पाली ले

अहमदाबाद,एजेंसी। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.32 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित ट्रामाडोल दवा की 2.08 लाख गोलियां जब्त की हैं। साथ ही राजस्थान से जुड़े एक मेडिकल थोक व्यापारी को भी गिरफ्तार किया है।एटीएस को सूचना मिली थी कि गुजरात के अंकलेश्वर से राजस्थान के पाली भेजी जा रही एक बस में नशीली दवा की खेप ले जाई जा रही है। इसके बाद टीम ने अहमदाबाद के शाहिबाग क्षेत्र में बस को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान छह गत्ते के डिब्बों से 2.08 लाख ट्रामाडोल गोलियां बरामद हुईं। जब्त दवा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8.32 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांच में सामने आया कि दवा की खेप के साथ लगे बिल में ट्रामाडोल को दूसरी दवाओं के नाम पर दर्शाया गया था। ट्रामाडोल एक प्रतिबंधित नशीली दवा है, जिस पर एनडीपीएस कानून के तहत नियंत्रण रखा जाता है। मामले की जांच के दौरान एटीएस ने वलसाड निवासी परेश जैन को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।


