जैश आतंकी मॉड्यूल में गिरफ्तार आईईडी बनाने की कोशिश कर रहे थे
गुजरात एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद के एक मॉड्यूल से जुड़े पांच संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी आईईडी बनाने और बम धमाकों के तकनीकों की ट्रेनिंग ले रहे थे। मेहसाणा की अदालत ने उन्हें आठ दिन के लिए हिरासत में भेज दिया है। पूछताछ में और संदिग्धों के नाम सामने आए हैं।

गुजरात एटीएस ने गिरफ्तार किया, अदालत ने रिमांड पर भेजा अहमदाबाद, एजेंसी। गुजरात में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के मॉड्यूल से संबंध के आरोप में दो दिन पहले गिरफ्तार पांच संदिग्ध आरोपी आईईडी बना रहे थे। इसके साथ ही वह बम धमाका करने की तकनीक सीख रहे थे। एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एटीएस की ओर से कथित जैश मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के बाद 15 जुलाई को राज्य के अलग-अलग जिलों से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था। मेहसाणा की अदालत ने सभी को आठ दिन के लिए एटीएस की हिरासत में भेजा है। एटीएस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सुनील जोशी ने बताया कि गिरफ्तार मोहम्मद अमीन शेरा से पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ था।
उसने बताया था कि धमाके की तैयारी में लोगों का एक और समूह उसके साथ काम कर रहा है। एटीएस के अनुसार, 24 वर्षीय बिलाल शेरा, 22 वर्षीय मोहम्मद अय्यूब कडीवाल, 20 वर्षीय मोहम्मद अय्यूबभाई सुनसारा, 21 वर्षीय शफी रईस मुखी और 20 वर्षीय मोहम्मद हसन हनीफभाई करदिया (20) को गिरफ्तार किया था। अधिकारी ने बताया कि ये तीन और लोगों के साथ मिलकर संवर्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी) बनाने की कोशिश कर रहे थे, जबकि मुफ्ती फौजान इस्माइल दौवा ने इनकी मदद की। आरोपियों ने ऑनलाइन और स्थानीय बाजार से बारूद बनाने के लिए जरूरी सामान भी खरीदा था, जिसमें पोटैशियम नाइट्रेट, सल्फर और चारकोल शामिल था।


